मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा का संकल्प: बिरजा राम भील और जवाना राम नायक ने लिया देहदान का संकल्प
मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा का संकल्प: बिरजा राम भील और जवाना राम नायक ने लिया देहदान का संकल्प



बीकानेर, 28 सितंबर। जीवन के बाद भी मानवता और चिकित्सा शिक्षा की सेवा जारी रखने का प्रेरणादायी संदेश देते हुए सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के पूर्व कर्मचारी बिरजा राम भील तथा कृष्णा पेट्रोल पंप (पूगल रोड) से जुड़े जवाना राम नायक ने सोमवार को देहदान का ऐतिहासिक संकल्प लिया। दोनों ने विधिवत देहदान संबंधी संकल्प प्रपत्र भरकर मेडिकल कॉलेज के शरीर रचना (एनाटोमी) विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश मणि को सौंपे।


उल्लेखनीय है कि सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे देहदान संकल्प जागरूकता अभियान से प्रेरित होकर आमजन में इस दिशा में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देहदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर समाज को इसके चिकित्सीय, वैज्ञानिक और मानवीय महत्व से परिचित कराना है।


डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि चिकित्सा शिक्षा में देहदान का अत्यधिक महत्व है, क्योंकि भावी चिकित्सकों को मानव शरीर की संरचना को गहराई से समझने, व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करने और नए चिकित्सकीय अनुसंधानों के लिए मानव देह ही प्राथमिक आधार होती है। बिरजा राम भील और जवाना राम नायक का यह साहसिक निर्णय समाज में नई चेतना जगाने का कार्य करेगा।
