विधायक अंशुमान सिंह भाटी के प्रयासों से कपिल मुनि पैनोरमा का निर्माण कार्य शुरू
विधायक अंशुमान सिंह भाटी के प्रयासों से कपिल मुनि पैनोरमा का निर्माण कार्य शुरू



- श्रीकोलायत को मिलेगी धार्मिक-पर्यटन मानचित्र पर खास पहचान
बीकानेर (श्रीकोलायत), 30 सितम्बर । महर्षि कपिल मुनि की पावन तपोभूमि श्रीकोलायत को धार्मिक एवं पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में बुधवार को एक ऐतिहासिक कदम आगे बढ़ा। क्षेत्रीय विधायक अंशुमान सिंह भाटी के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप कपिल मुनि सरोवर परिसर स्थित विश्राम गृह से प्रस्तावित भव्य ‘कपिल मुनि पैनोरमा’ के निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया।


धार्मिक व ऐतिहासिक विरासत से रूबरू होंगे श्रद्धालु


विधायक अंशुमान सिंह भाटी लंबे समय से राज्य स्तर पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए प्रयासरत थे। उन्होंने बताया कि इस पैनोरमा का मुख्य उद्देश्य श्रीकोलायत की समृद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने भव्य रूप में प्रस्तुत करना है। पैनोरमा का निर्माण पूर्ण होने के बाद यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं एवं देश-विदेश के पर्यटकों को कपिल मुनि के जीवन दर्शन, सांख्य दर्शन और क्षेत्र की परंपराओं को निकटता व व्यापकता से जानने-समझने का अवसर प्राप्त होगा।
धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने किया था स्थल निरीक्षण
उल्लेखनीय है कि निर्माण प्रक्रिया शुरू करने से पूर्व राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने स्वयं श्रीकोलायत पहुँचकर प्रस्तावित स्थल का मुआयना किया था। उन्होंने तहसील परिसर व सरोवर क्षेत्र की नापजोख करवाकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे तथा विधायक अंशुमान सिंह भाटी से दूरभाष पर चर्चा कर तैयारियों की समीक्षा की थी।
स्थानीय अर्थव्यवस्था व रोजगार को मिलेगी गति
कपिल मुनि पैनोरमा के बनने से श्रीकोलायत में धार्मिक पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पर्यटकों व श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार, व्यापार, होटल व्यवसाय तथा अन्य आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
निरीक्षण व स्थल चयन प्रक्रिया के दौरान एसडीएम राजेश चौहान, तहसीलदार पूनम कंवर, नायब तहसीलदार रामनारायण जाखड़, गिरदावर जगदीश पंवार, समाजसेवी नेमीचंद पंचारिया, रमेश पुरोहित तथा नखत सिंह सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
