मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के दूसरे दिन योग-ध्यान, परीक्षा तनाव प्रबंधन और ई-रिक्शा रैली से दिया जागरूकता का संदेश
मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के दूसरे दिन योग-ध्यान, परीक्षा तनाव प्रबंधन और ई-रिक्शा रैली से दिया जागरूकता का संदेश

बीकानेर, 05 अक्टूबर । मानसिक रोग एवं नशा मुक्ति विभाग (पीबीएम अस्पताल) तथा राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह’ के दूसरे दिन सोमवार को विविध जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुए। योग-ध्यान, परीक्षा तनाव प्रबंधन कार्यशाला और ई-रिक्शा जागरूकता रैली के जरिए आमजन, मरीजों व विद्यार्थियों को मानसिक रूप से स्वस्थ रहने तथा नशा मुक्ति का संदेश दिया गया।


योग, ध्यान व प्राणायाम से तनावमुक्ति का पाठ


मानसिक रोग विभाग परिसर में सुबह 8 से 9 बजे तक मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के ऑनलाइन सहयोग से विशेष सत्र आयोजित किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. श्रीगोपाल गोयल ने नियमित योग, प्राणायाम, पर्याप्त नींद और संतुलित जीवनशैली को मानसिक स्वास्थ्य का आधार बताया। उन्होंने घोषणा की कि यह गतिविधि आगामी 15 दिनों तक नियमित संचालित की जाएगी। इस दौरान एटीएफ काउंसलर नीलिमा सोलंकी व सोनू जयपाल की मौजूदगी में उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
राजकीय नर्सिंग कॉलेज में परीक्षा तनाव प्रबंधन कार्यशाला
राजकीय नर्सिंग कॉलेज में ‘एग्जाम स्ट्रेस मैनेजमेंट’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन प्रो. डॉ. हरफूल सिंह के मार्गदर्शन में हुआ। डॉ. अनामिका ने ‘आई सपोर्ट’ मॉड्यूल की प्रस्तुति देते हुए विद्यार्थियों को परीक्षा के दबाव, चिंता व तनाव को पहचानने तथा समय प्रबंधन, विश्राम तकनीकों व सकारात्मक सोच के माध्यम से इससे निपटने के व्यावहारिक उपाय बताए।
ई-रिक्शा रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
शहर में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति भ्रांतियों और सामाजिक कलंक को समाप्त करने के लिए एक विशेष ई-रिक्शा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को डिप्टी सीएमएचओ डॉ. लोकेश गुप्ता एवं एपिडेमियोलॉजिस्ट नीलम प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से शहरवासियों को उपलब्ध मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं एवं नशा मुक्ति का संदेश दिया गया।
