

अनार की फसल में जीवाणु अंगमारी सहित प्रमुख रोगों के प्रभावी प्रबंधन के बताए वैज्ञानिक उपाय


वैज्ञानिकों ने अनार फार्म का किया भ्रमण, किसानों को दिए तकनीकी सुझाव



बीकानेर, 19 नवंबर। भा.कृ.अनु.प.-केन्द्रीय शुष्क बागवानी संस्थान, बीकानेर की अनुसंधान सलाहकार समिति (RAC) की सदस्य एवं भा.कृ.अनु.प.-राष्ट्रीय अनार अनुसंधान केन्द्र की पूर्व निदेशक डॉ. ज्योत्सना शर्मा ने संस्थान के वैज्ञानिकों डॉ. रमेश कुमार एवं डॉ. मुकेश बेरवाल, प्रधान वैज्ञानिक के साथ बीकानेर क्षेत्र स्थित राठी अनार फार्म एवं रश्मि अनार फार्म का भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान वैज्ञानिकों ने दोनों फार्मों में अनार के पौधों की स्थिति, फसल की वृद्धि एवं विभिन्न रोगों के प्रकोप का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अनार उत्पादक किसानों से संवाद कर उत्पादन के दौरान आने वाली समस्याओं तथा रोग प्रबंधन से संबंधित उनके अनुभवों की जानकारी ली।
इस अवसर पर डॉ. ज्योत्सना शर्मा ने अनार की फसल में होने वाली जीवाणु अंगमारी (बैक्टीरियल ब्लाइट) सहित अन्य प्रमुख रोगों के लक्षण, प्रसार एवं नियंत्रण के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने रोगग्रस्त टहनियों एवं पौधों के उचित प्रबंधन, बगीचों में स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित पोषण एवं उचित सिंचाई के साथ एकीकृत रोग प्रबंधन पद्धतियां अपनाने की सलाह दी।
वैज्ञानिकों ने किसानों को रोगों की समय पर पहचान करने तथा उनके नियंत्रण के लिए वैज्ञानिक अनुशंसाओं के अनुरूप आवश्यक उपाय अपनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तकनीकों एवं उचित प्रबंधन पद्धतियों को अपनाकर अनार की फसल को रोगों से होने वाले नुकसान से बचाने के साथ ही उत्पादन की गुणवत्ता एवं उत्पादकता में भी वृद्धि की जा सकती है।
==========
जिला कलेक्टर रहे नापासर के दौरे पर
पुलिस थाना, स्कूल, नगर पालिका और आंगनबाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण
बीकानेर, 19 नवंबर। जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने गुरुवार को नापासर में आंगनबाड़ी केंद्र, श्रीमती गीता देवी बागड़ी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, पुलिस थाना तथा नगर पालिका कार्यालय का निरीक्षण किया।
जिला कलेक्टर ने नापासर पुलिस थाने का निरीक्षण करते हुए कानूनी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया तथा संधारित रिकॉर्ड की जांच की। लंबित प्रकरणों का नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिकॉर्ड संधारण की प्रशंसा की और जब्तशुदा वाहनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
नगर पालिका कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने यहां की विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, फाइलों के निस्तारण तथा आमजन को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र में सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुचारू रखने तथा आमजन की परिवेदनाओं का गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
छात्राओं से संवाद, लिया फीडबैक
जिला कलेक्टर ने श्रीमती गीता देवी बागड़ी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं से संवाद किया तथा शैक्षणिक व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने की सीख दी और कहा कि बालिका शिक्षा प्रोत्साहन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।
जिला कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्था देखी। पोषाहार की स्थिति के बारे में जाना। गर्भवती और धात्री महिलाओं एवं बेटियों को मिलने वाली सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही छोटे बच्चों से बातचीत भी की। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ नियमित रूप से उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस दौरान तहसीलदार श्री विवेक चौधरी,अधिशासी अधिकारी श्रीमती अलका बुरड़क, थानाधिकारी सुश्री कविता पूनिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
=========
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
बीकानेर, 19 नवंबर। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत राज्य के मूल निवासी युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत वित्तीय संस्थानों के माध्यम से ब्याज मुक्त ऋण, मार्जिन मनी अनुदान तथा सीजीटीएमएसटी फीस का पुनर्भरण भी किया जाएगा।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती मंजू नैण गोदारा ने बताया कि योजना के तहत 18 से 45 वर्ष तक के युवा 31 मार्च 2029 तक एसएसओ आईडी के माध्यम से एसएसओ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि योजना में शैक्षणिक योग्यता के आधार पर ऋण सीमा निर्धारित की गई है। कक्षा 8वीं से 12वीं उत्तीर्ण युवाओं को सेवा एवं व्यापार क्षेत्र में अधिकतम 3.5 लाख रुपए तथा विनिर्माण क्षेत्र में अधिकतम 7.5 लाख रुपए तक का ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। वहीं स्नातक एवं आईटीआई प्रमाण पत्र धारक युवाओं को सेवा एवं व्यापार क्षेत्र में अधिकतम 5 लाख रुपए तथा विनिर्माण क्षेत्र में अधिकतम 10 लाख रुपए तक का ऋण दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत ऋण राशि का 10 प्रतिशत मार्जिन मनी अनुदान देय होगा। इसकी अधिकतम सीमा सेवा एवं व्यापार क्षेत्र में 35 हजार रुपए तथा विनिर्माण क्षेत्र में 50 हजार रुपए निर्धारित की गई है। साथ ही ऋण पर 100 प्रतिशत ब्याज अनुदान का प्रावधान है। योजना में सीजीटीएमएसटी फीस का 100 प्रतिशत पुनर्भरण भी किया जाएगा। नवीन एवं विस्तार तथा आधुनिकीकरण की परियोजनाएं भी योजना के लिए पात्र होंगी तथा योजना में 15 लाख रुपए तक ऑन रोड़ कीमत के वाणिज्यिक वाहन पर भी लाभ देय होगा।
=========================

