नालंदा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल: समूह गान प्रतियोगिता में छात्राओं ने लहराया परचम
नालंदा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल: समूह गान प्रतियोगिता में छात्राओं ने लहराया परचम

- खेल व सांस्कृतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का हुआ अभिनंदन
बीकानेर, 07 अक्टूबर । नालंदा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए भारत विकास परिषद की ‘मीरा शाखा’ द्वारा आयोजित समूह गान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं दूसरी ओर, विद्यालय के होनहार छात्र चिराग बोहरा ने राज्य स्तरीय स्कूली क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर बीकानेर जिले एवं विद्यालय का नाम रोशन किया है। बुधवार को विद्यालय प्रांगण में एक भव्य समारोह आयोजित कर सभी विजेता व उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।


- समूह गान में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राएं हुईं सम्मानित
भारत विकास परिषद (मीरा शाखा) द्वारा आयोजित समूह गान प्रतियोगिता में नालंदा स्कूल की छात्रा टीम—वीरा रंगा, धैर्या रंगा, राजनंदनी ओझा, खुशी छंगाणी, रिद्धू सोलंकी, कविता कंवर, कल्पना शर्मा एवं कौशल्या कंवर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बीकानेर का मान बढ़ाया। शाला प्राचार्य राजेश रंगा ने छात्राओं को मेडल व प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उन्हें शिक्षा के साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी हेमलता व्यास ने बताया कि इससे पूर्व भी विद्यालय की टीम ने भारत विकास परिषद की मुख्य शाखा प्रतियोगिता में द्वितीय तथा नगर इकाई प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया था। कार्यक्रम में उत्कृष्ट मार्गदर्शन हेतु सांस्कृतिक प्रभारी हेमलता व्यास, नेहा भोजक एवं अंजू राव का भी बहुमान किया गया।


- राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में चिराग बोहरा का दबदबा
28 सितंबर से 04 अक्टूबर 2026 तक बांसवाड़ा के लियो स्कूल मैदान में आयोजित 14 वर्ष आयु वर्ग की राज्य स्तरीय स्कूली क्रिकेट प्रतियोगिता में बीकानेर जिले की टीम ने उपविजेता (रनरअप) का खिताब हासिल किया। इस प्रतियोगिता में बीकानेर टीम ने 8 में से 7 मैचों में एकतरफा जीत दर्ज की, जिसमें नालंदा स्कूल के छात्र चिराग बोहरा का प्रदर्शन बेहद उत्कृष्ट रहा। शाला परिवार द्वारा चिराग का विशेष अभिनंदन किया गया।
- शहर के गणमान्य जनों ने दी शुभकामनाएं
नालंदा स्कूल की इन दोहरी उपलब्धियों पर शहर के प्रबुद्धजनों ने हर्ष व्यक्त किया है। खेल प्रशिक्षक श्यामसुंदर चूरा, मुकेश देराश्री तथा सुप्रसिद्ध साहित्यकार कमल रंगा ने विद्यालय के शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक माहौल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और चिराग बोहरा के राष्ट्रीय स्तर पर चयन की मंगलकामना की। समारोह में उमेश सिंह चौहान, हनुमान छिंपा, हरिनारायण आचार्य एवं आशीष रंगा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का सफल संचालन आशीष रंगा ने किया।
