मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज द्वारा नोखा चेयरमैन बजरंग सोनी, पूर्व विधायक झंवर व पार्षदों का भव्य नागरिक अभिनंदन
मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज द्वारा नोखा चेयरमैन बजरंग सोनी, पूर्व विधायक झंवर व पार्षदों का भव्य नागरिक अभिनंदन

- नोखा के विकास व नागरिक सुविधाओं को सुगम बनाने का संकल्प, पेयजल संकट पर सरकार को अल्टीमेटम, 36 कौमों के सहयोग से नोखा को मॉडल शहर बनाने का दावा
बीकानेर, 9 अक्टूबर । बीकानेर एवं गंगाशहर के श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज व मित्र मंडल द्वारा रानी बाजार स्थित स्वर्णकार भवन में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नोखा नगरपालिका के नवनिर्वाचित चेयरमैन बजरंग सोनी, पूर्व विधायक कन्हैयालाल झंवर तथा नवनिर्वाचित पार्षदों का साफा, शॉल एवं माल्यार्पण कर नागरिक अभिनंदन किया गया।


समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन बजरंग सोनी ने कहा कि सभी समाजों और पार्षदों के सहयोग से नोखा के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य करेंगे। उन्होंने सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था, सड़क निर्माण, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ ही जन्म-मृत्यु व विवाह पंजीयन प्रमाणपत्र सुगमता से उपलब्ध कराने को प्राथमिकता बताया।


पूर्व विधायक कन्हैयालाल झंवर ने कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित सीट पर स्वर्णकार समाज से चेयरमैन बनाने का वादा उन्होंने पूरा किया है। साथ ही नोखा में इंदिरा गांधी नहर से शुद्ध पेयजल आपूर्ति के मुद्दे पर राज्य सरकार को 28 अक्टूबर 2026 तक का अल्टीमेटम दिया गया है। समय पर समाधान न होने पर नगरपालिका बोर्ड द्वारा धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।
समारोह में नोखा के पूर्व चेयरमैन सीताराम पंचारिया, पार्षद ओमप्रकाश खींचड़, जगदीश मांझू, संतोष देवी झंवर, मनफूल बिश्नोई, विकास मंच अध्यक्ष ललित झंवर सहित अनेक गणमान्य लोगों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन व स्वागत भाषण लीलाधर बुटण एवं लालचंद घुपड़ ने किया, वहीं शिवनारायण मौसूण ने काव्य प्रस्तुति दी। इस अवसर पर गणेश सहदेव, शिवकुमार सहदेव, मूलचंद बामलवा सहित स्वर्णकार समाज के अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
