सादुल स्पोर्ट्स स्कूल ने वॉलीबॉल में जीते स्वर्ण और रजत पदक
सादुल स्पोर्ट्स स्कूल ने वॉलीबॉल में जीते स्वर्ण और रजत पदक

- 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल में झुंझुनूं एकेडमी से भिड़े बीकानेर के खिलाड़ी
बीकानेर, 10 अक्टूबर । राज्य स्तरीय 70वीं विद्यालयी वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सादुल स्पोर्ट्स स्कूल, बीकानेर की टीमों ने अपने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक पर कब्जा जमाया है। नागौर जिले के मेड़ता सिटी स्थित जय सिंह राणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बीकानेर के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।


सादुल स्पोर्ट्स स्कूल के वॉलीबॉल कोच भागीरथ प्रजापत ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता के 17 वर्ष तथा 19 वर्ष आयु वर्ग (छात्र वर्ग) दोनों के फाइनल मुकाबले सादुल स्पोर्ट्स स्कूल, बीकानेर और झुंझुनूं एकेडमी के बीच खेले गए। दोनों ही वर्गों में कड़े संघर्ष के बाद विद्यालय के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए।


- इनकी रही विशेष भूमिका
प्रतियोगिता में 19 वर्ष आयु वर्ग की टीम के मैनेजर गोपाल सिंह बिट्टू तथा 17 वर्ष आयु वर्ग की टीम के मैनेजर दिनेश कुमार रहे। वहीं, दोनों टीमों के मुख्य प्रशिक्षक की जिम्मेदारी कोच भागीरथ प्रजापत और विजय कुमार गोलियां ने निभाई। खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह चौहान एवं समस्त स्टाफ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
