खाजूवाला के नाल में विशाल पंचायती राज चुनाव सम्मेलन आयोजित
खाजूवाला के नाल में विशाल पंचायती राज चुनाव सम्मेलन आयोजित

- पूर्व सीएम अशोक गहलोत और गोविंदराम मेघवाल ने साधा भाजपा पर निशाना
बीकानेर (खाजूवाला)। 13 अक्टूबर 2026 को खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नाल (जिला बीकानेर) में कांग्रेस ने एक भव्य पंचायती राज चुनाव सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। सम्मेलन में खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों से हजारों की संख्या में आमजन, किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।


पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के संबोधन के मुख्य बिंदु
भीषण अकाल और प्रशासनिक अकर्मण्यता: पूर्व सीएम गहलोत ने प्रदेश की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों पर प्रहार करते हुए कहा कि बीकानेर सहित राजस्थान के कई जिले भीषण अकाल की चपेट में हैं। सरकार को तुरंत राहत कार्य शुरू कर पानी के टैंकर, पशुओं के लिए चारा और नरेगा के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराना चाहिए।


किसानों का संकट: सिंचाई पानी के अभाव में किसानों की मूंगफली, ग्वार और नरमा की फसलें चौपट हो रही हैं। अगली फसल के लिए भी सरकार पर्याप्त पानी (8 पानी की बारी के बजाय केवल 5) देने में असमर्थ साबित हो रही है, जिससे अन्नदाता परेशान है।
संस्थाओं का दुरुपयोग और राहुल गांधी का संघर्ष: गहलोत ने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया और कहा कि श्री राहुल गांधी युवाओं व किसानों के लिए गांधीवादी तरीके से संघर्ष कर रहे हैं।
गौवंश और स्वास्थ्य सेवाएं: उन्होंने कहा कि भाजपा केवल गौमाता के नाम पर वोट मांगती है, जबकि कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू किए गए गौशाला अनुदान को रोक दिया गया है। इसके अलावा, 25 लाख रुपये का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा और चिरंजीवी जैसी योजनाएं ठप पड़ने से सरकारी अस्पतालों में बदहाली छाई है।
पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल के तेवर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंदराम मेघवाल ने कहा कि पिछले एक महीने से खाजूवाला, छतरगढ़, रावला, घड़साना और अनूपगढ़ की मंडियां बंद हैं और किसान पानी की मांग को लेकर आंदोलित हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगें नहीं मानी गईं, तो आगामी पंचायती राज चुनावों में जनता भाजपा का सूपड़ा साफ कर देगी। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे हर संघर्ष में पूरी ताकत से खड़े होने का संकल्प दोहराया।
प्रमुख उपस्थिति एवं संचालन
कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए वक्ताओं ने खाजूवाला क्षेत्र में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों (जैसे नगरपालिका गठन, एडीजी कोर्ट, कॉलेज व स्कूलों का क्रमोन्नयन और नहरों के सुदृढ़ीकरण हेतु 600 करोड़ का बजट) को याद किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद, अनूपगढ़ विधायक श्रीमती शिमला नायक आदि ने भी विचार व्यक्त किए। मंच संचालन प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य सरिता चौहान ने किया। इस दौरान गौरव चौहान, भागीरथ तेतरवाल, नीतेश सोनी, क्यामुदीन, अशोक जाखड़, ज्योति मेघवाल (चेयरमैन, घड़साना), गुलाम मुस्तफा और शब्बीर अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

