बीकानेर में रोटरी रॉयल प्रीमियर लीग का भव्य समापन
बीकानेर में रोटरी रॉयल प्रीमियर लीग का भव्य समापन

- फाइनल में NLJCF वॉरियर्स को हराकर राधे राधे रॉयल्स बनी चैंपियन, विजेता को मिला 1.11 लाख का नकद पुरस्कार
बीकानेर, 20 अक्टूबर। शहर में क्रिकेट को एक नया मंच देने और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतरीन प्रतिस्पर्धी अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित ‘रोटरी रॉयल प्रीमियर लीग’ (RRPL) 2026 का भव्य समापन शार्दुल क्लब क्रिकेट ग्राउंड में हुआ। रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स द्वारा आयोजित इस 12 टीमों की प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें राधे राधे रॉयल्स ने NLJCF वॉरियर्स को 24 रन से शिकस्त देकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।


समापन समारोह में मुख्य अतिथि महापौर अनिल कल्ला और विशिष्ट अतिथि PDG राजेश चूरा ने विजेता टीम राधे राधे रॉयल्स को 1,11,111 रुपये तथा उपविजेता NLJCF वॉरियर्स को 55,555 रुपये की नकद पुरस्कार राशि व चमचमाती ट्रॉफी प्रदान की। फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए राधे राधे रॉयल्स ने निर्धारित 15 ओवरों में 126 रन बनाए, जिसमें रामनिवास बिश्नोई ने 30 गेंदों पर 49 रन की तूफानी पारी खेली और मैन ऑफ द मैच बने। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी NLJCF वॉरियर्स की टीम 15 ओवर में 9 विकेट खोकर 103 रन ही बना सकी। प्रतियोगिता के सफल संचालन में क्लब अध्यक्ष इंजी. विपिन लड्ढा, सचिव जगदीप सिंह ओबेरॉय, कोषाध्यक्ष राजेश खत्री, आयोजन प्रभारी देवेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य सदस्यों व प्रायोजकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




