पंचायत राज आम चुनाव 2026: प्रथम चरण में बीकानेर जिले में 71.18% भारी मतदान
पंचायत राज आम चुनाव 2026: प्रथम चरण में बीकानेर जिले में 71.18% भारी मतदान

ड्यूटी से नदारद 28 कार्मिकों को नोटिस, निलंबन की कार्रवाई शुरू


बीकानेर, 22 अक्टूबर । पंचायती राज आम चुनाव 2026 के प्रथम चरण के तहत गुरुवार को बीकानेर जिले की चार पंचायत समितियों में शांतिपूर्ण एवं उत्साहजनक माहौल के बीच सायं 6 बजे तक कुल 71.18 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिला परिषद सदस्य हेतु कुल 2,67,602 मतदाताओं में से 1,90,470 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।



पंचायत समिति वार मतदान का विवरण:
छत्तरगढ़: कुल मतदाता 68,363 | मतदान 45,690 | प्रतिशत: 66.83%
खाजूवाला: कुल मतदाता 64,232 | मतदान 45,563 | प्रतिशत: 70.94%
पूगल: कुल मतदाता 55,621 | मतदान 40,075 | प्रतिशत: 72.05%
रुणिया मुख्यालय बीकानेर: कुल मतदाता 79,386 | मतदान 59,142 | प्रतिशत: 74.50%
चारों पंचायत समितियों में रुणिया मुख्यालय 74.50% मतदान के साथ शीर्ष पर रहा।
चुनाव ड्यूटी से अनुपस्थित 28 कार्मिकों पर गिरी गाज, जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
बीकानेर, 22 अक्टूबर । प्रथम चरण के मतदान प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले 28 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशांत जैन ने सख्त रुख अपनाया है। राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 134 के तहत इन कार्मिकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ निलंबन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 2026 को राजकीय डूंगर महाविद्यालय स्थित रवानगी स्थल पर मतदान दलों के प्रशिक्षण एवं रवानगी के लिए इन कार्मिकों को अनिवार्य रूप से उपस्थित होना था। हालांकि, आदेशों की तामील के बावजूद बिना किसी पूर्व सूचना या स्पष्ट कारण के ये 28 कार्मिक अनुपस्थित रहे, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित हुई।
3 दिन में देना होगा जवाब, अन्यथा होगी एकतरफा कार्रवाई
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, संबंधित कार्मिकों को नोटिस मिलने के तीन दिनों के भीतर अपने कार्यालयाध्यक्ष के माध्यम से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। नियत समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुशासनात्मक एवं एकतरफा कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इन प्रमुख कार्मिकों को थमाया गया नोटिस
नोटिस पाने वाले कार्मिकों में सीएमएचओ कार्यालय के वरिष्ठ सहायक विकास, राउमावि कालू के व्याख्याता राकेश कुमार मीणा, दियातरा स्कूल के अध्यापक लीलाधर, कीतासर स्कूल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बालनाथ, शारीरिक शिक्षक सहीराम सारण, महात्मा गांधी स्कूल मुरलीधर व्यास नगर के उपप्रधानाचार्य महेश सोलंकी, कनिष्ठ सहायक महावीर बाना, शिक्षक रामनिवास भुंवाल, बेलदार सुरेंद्र सिंह, सहायक प्रशासनिक अधिकारी राज कुमार, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गोपालदान, सहायक प्रशासनिक अधिकारी सौरभ बंसल, सहायक लेखाधिकारी नंद किशोर उपाध्याय, कनिष्ठ सहायक जितेंद्र सिंह, अध्यापक चंद्रभान, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी संजीव पंवार, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लक्ष्मी नारायण मारू, पीटीआई माणक चंद सुथार, शिक्षक श्रीचंद परिहार, प्रबोधक ओम प्रकाश चारण, कर्मचारी फिरोज, प्रिंसिपल रामनिवास, पीटीआई हरेंद्र सिंह बिट्ठू, वरिष्ठ शिक्षक सहजानंद उपाध्याय, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी नवरतन जोशी, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी रामचंद्र, कृषि अधिकारी गिरिराज तथा सहायक लेखाधिकारी भवानी शंकर किराडू शामिल हैं।

