

मुंबई, 3 नवंबर । अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभातेयुप) के सेवा, संस्कार और संगठन के संकल्प को साकार करते हुए तेरापंथ युवक परिषद (तेयुप) दक्षिण मुंबई द्वारा संचालित ‘ब्लड ऑन कॉल’ सेवा के अंतर्गत एक अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय सेवा कार्य संपन्न हुआ।


तेरापंथ युवक परिषद जोगेश्वरी (मुंबई) के हितेश बडाला के माध्यम से मुंबई के प्रतिष्ठित जे.जे. अस्पताल (J.J. Hospital) में भर्ती एक मरीज को तत्काल रक्त की आवश्यकता होने की सूचना प्राप्त हुई। जानकारी मिलते ही तेयुप दक्षिण मुंबई के उपाध्यक्ष दर्शन डागलिया ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल संपर्क एवं समन्वय स्थापित किया और जे.जे. अस्पताल में मरीज के लिए 2 यूनिट रक्त की व्यवस्था सुनिश्चित करवाई।



तेरापंथ युवक परिषद दक्षिण मुंबई सदैव मानव सेवा, सौहार्द और सामाजिक कल्याण के कार्यों में अग्रणी रहते हुए जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। आपातकालीन स्थिति में रक्त की आवश्यकता होने पर इस प्रकार त्वरित सहयोग उपलब्ध करवाना परिषद की सेवाभावी भावना, समर्पण और मजबूत संगठनात्मक सक्रियता का जीवंत परिचायक है।

