

नयाशहर में कचरा संग्रहण वाहन की टक्कर से बुजुर्ग गंभीर घायल, देशनोक में सड़क हादसे में युवक की मौत; पांचू में 78 ग्राम अफीम बरामद


बीकानेर, 2 नवंबर। बीकानेर जिले में अपराधों की रोकथाम और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस की 1 नवंबर की दैनिक अपराध रिपोर्ट के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सड़क दुर्घटना, मारपीट, चोरी, धोखाधड़ी और मादक पदार्थों की तस्करी सहित कई मामले दर्ज किए गए हैं।



नयाशहर थाना क्षेत्र में गोकुल सर्किल के पास कचरा संग्रहण वाहन की टक्कर से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। रिपोर्ट के अनुसार आरजे 21 जीएफ 7569 नंबर की कचरा संग्रहण गाड़ी ने शरद आचार्य के ताऊ को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर घायल हो गए। उनका उपचार जारी है। नयाशहर थाना क्षेत्र में ही मारपीट का मामला भी दर्ज हुआ है। परिवादी के अनुसार उसके भाई के साथ कुछ लोगों ने रास्ता रोककर लाठी-डंडों से मारपीट की।
जेएनवीसी थाना क्षेत्र के उदासर गांव में खेत से ट्यूबवेल की कॉपर केबल चोरी होने का मामला सामने आया है। परिवादी ने बताया कि वह बीकानेर गया हुआ था, इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति खेत से केबल चोरी कर ले गया।
देशनोक थाना क्षेत्र में सरदेसर रोही के पास तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण मोटरसाइकिल को टक्कर मारने का मामला दर्ज हुआ। हादसे में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई।
दंतौर थाना क्षेत्र में पार्सल के बदले पैसे ट्रांसफर करवाने का झांसा देकर 1 लाख 40 हजार 500 रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया है।
अवैध शराब और मादक पदार्थों पर कार्रवाई
महाजन थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे-62 पर कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब की 675 कार्टून रखने और परिवहन करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान बाड़मेर जिले के चौहटन थाना क्षेत्र निवासी दुर्गाराम के रूप में हुई है।
पांचू थाना पुलिस ने नायरा पेट्रोल पंप के पास कार्रवाई करते हुए सुंदरलाल को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 78 ग्राम अवैध अफीम तथा परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की थार रॉक्स गाड़ी बरामद की गई। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
नोखा थाना क्षेत्र में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस की अन्य कार्रवाई
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार कोटगेट थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं, पांचू थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के मामले में गिरफ्तारी की गई। पूगल थाना क्षेत्र में बिजली अधिनियम के तहत भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा दर्ज मामलों में संबंधित थाना स्तर पर जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

