

बीकानेर, 13 नवम्बर। शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ राजस्थान, बीकानेर ने मंत्रालयिक संवर्ग की लंबित मांगों को लेकर राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट किया है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष कमलनारायण आचार्य ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री और विभाग के उच्चाधिकारियों को ईमेल के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित कर कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़ी प्रमुख समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।


प्रदेशाध्यक्ष आचार्य द्वारा भेजे गए ज्ञापन में मुख्य रूप से बीकानेर और जयपुर संभाग के कनिष्ठ सहायकों की विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करवाने का आग्रह किया गया है। इसके साथ ही, राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) से चयनित 1986 के कार्मिकों की वरिष्ठता सूची तत्काल जारी कर उनकी डीपीसी करवाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है।



संघ ने राज्य सरकार और उच्चाधिकारियों से निवेदन किया है कि इन ज्ञापनों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए। प्रदेशाध्यक्ष ने उम्मीद जताई है कि सरकार कर्मचारियों के व्यापक हित में सकारात्मक आदेश प्रसारित कर पूरे मंत्रालयिक संवर्ग को राहत प्रदान करेगी।

