

बीकानेर ,14 नवंबर। रोटरी क्लब बीकानेर की ओर से सादुलगंज स्थित रोटरी क्लब सभागार में राज्यस्तरीय राजस्थानी भाषा-साहित्य पुरस्कार समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में राजस्थानी भाषा, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले छह प्रतिष्ठित साहित्यकारों को सम्मानित किया गया।


मुख्य अतिथि और वक्ताओं के विचार
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटरी प्रांत 3053 के प्रांतपाल श्री बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मातृभाषा का संरक्षण और साहित्यिक सृजन को प्रोत्साहन देना सामाजिक सेवा का एक महत्वपूर्ण आयाम है। विशिष्ट अतिथि स्वामी विमर्शानन्दगिरिजी महाराज ने भाषा और साहित्य को समाज की सांस्कृतिक चेतना का आधार बताया।



प्रतिष्ठित साहित्यकार डॉ. कल्याणसिंह शेखावत ने कहा कि मातृभाषा व्यक्ति की सांस्कृतिक अस्मिता, आत्मबोध और व्यक्तित्व निर्माण का आधार है। इसके संरक्षण से अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखा जा सकता है।
इन छह साहित्यकारों का हुआ सम्मान
समारोह में राजस्थानी भाषा-साहित्य में उनके विशिष्ट योगदान के लिए विभिन्न पुरस्कारों से डॉ. कल्याणसिंह शेखावत , अर्जुनदान चारण , डॉ. गौरीशंकर प्रजापत , प्रेमलता सोनी , हेमलता दाधीच , पृथ्वीराज रतनू को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उपस्थिति
रोटरी क्लब के अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने बताया कि क्लब द्वारा प्रतिवर्ष राजस्थानी भाषा एवं साहित्य की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले साहित्यकारों को यह राज्यस्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। समारोह के संयोजक रोटेरियन मनमोहन कल्याणी ने आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला, संचालन शिक्षाविद् रोटेरियन किशोर राजपुरोहित ने किया तथा क्लब सचिव श्री कुणाल कोचर ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अनिल माहेश्वरी, मनीष तापड़िया, कमल रंगा, डॉ. नीरज दइया, शिवराज भारतीय, हरीश बी. शर्मा सहित अनेक साहित्यकार, शिक्षाविद् एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

