बीकानेर के सरकारी समाचार

बीकानेर के सरकारी समाचार
mmtc 31 oct 2026
क्विक जेप्स विज्ञापन 13 oct 2026
  • बीकानेर संभाग के 10 हजार व्यावसायिक वाहन चालकों को मिलेगी निःशुल्क रिफ्रेशर ट्रेनिंग
  • ट्रांसपोर्ट नगर बिछवाल में हेवी लाइसेंसधारक चालकों के लिए प्रशिक्षण एवं सर्टिफिकेशन कार्यक्रम का शुभारंभ
  • निशुल्क पूर्व पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर 9928770789 एवं 9252072769 पर करें संपर्क

बीकानेर, 16 नवम्बर। जिला सड़क सुरक्षा समिति तथा परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की प्रेरणा से श्रीगंगानगर रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर, बिछवाल में हेवी ड्राइविंग लाइसेंसधारक व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए निःशुल्क एक दिवसीय रिफ्रेशर ट्रेनिंग एवं सर्टिफिकेशन कार्यक्रम का सोमवार को शुभारंभ किया गया। जिला सड़क सुरक्षा समिति, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, पुलिस विभाग, श्रीराम फाइनेंस सेवा संकल्प, डीबी स्किल तथा रीजनल ड्राइविंग ट्रेनिंग सिंगावल, अजमेर की प्रबंधन संस्था वाहन चालक कौशल विकास संस्थान सिंगावल के उप केंद्र रीजनल ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के तहत बीकानेर संभाग के लगभग 10 हजार व्यावसायिक वाहन चालकों को प्रशिक्षित एवं प्रमाणित करने का लक्ष्य रखा गया है।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

कार्यक्रम का उद्देश्य ट्रक, ट्रेलर, बस, टैक्सी, टैंकर, स्कूल बस, बालवाहिनी सहित अन्य व्यावसायिक वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा, सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार, यातायात नियमों, दुर्घटना रोकथाम तथा सड़क सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करने के साथ उनके कौशल को उन्नत करना है।

pop ronak
bhikharam chandmal advertisment change 24 oct 2026

इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर (रोड सेफ्टी) डॉ. वीरेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि मई 2024 में प्रारंभ किए गए इस अभियान के तहत अब तक राजस्थान में लगभग 35 हजार व्यावसायिक वाहन चालकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। वर्तमान में प्रदेश के आठ स्थानों पर यह कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। बीकानेर संभाग में 10 हजार हेवी लाइसेंसधारक व्यावसायिक वाहन चालकों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने चालकों से प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने वाहन चालकों को गति सीमा का पालन, लेन अनुशासन, रक्षात्मक ड्राइविंग तथा ड्राइवर शिष्टाचार की जानकारी देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए चालकों का नियमित प्रशिक्षण और कौशल संवर्धन बेहद जरूरी है। उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण तथा मोटर वाहन नियमों के अनुरूप चालकों को समय-समय पर अपडेट रखने में रिफ्रेशर ट्रेनिंग की महत्ता भी बताई।

प्रादेशिक परिवहन एवं सड़क सुरक्षा अधिकारी अनिल पंड्या ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और नियमित प्रशिक्षण से कुशल चालक तैयार किए जा सकते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने इसे संभाग के हेवी लाइसेंसधारक वाहन चालकों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए अधिकाधिक चालकों एवं ट्रांसपोर्टरों से इसका लाभ लेने की अपील की।

यातायात पुलिस उप अधीक्षक श्रीमती शालिनी बजाज ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों की पालना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। प्रशिक्षित एवं कुशल वाहन चालक सुरक्षित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि बीकानेर क्षेत्र में अधिकाधिक चालकों को इस प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए पुलिस विभाग पूरा सहयोग करेगा।

यातायात निरीक्षक श्री कानाराम ने कहा कि तेज गति, लापरवाही तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। विशेष रूप से बालवाहिनी एवं स्कूल वाहन चालकों के लिए नियमित रिफ्रेशर प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आयोजकों की पहल की सराहना करते हुए जिले के थानाधिकारियों के माध्यम से अधिकाधिक चालकों को प्रशिक्षण से जोड़ने में सहयोग का आश्वासन दिया।

जिला परिवहन अधिकारी संजीव चौधरी ने डीबी स्किल, श्रीराम सेवा संकल्प टीम एवं आरडीटीसी सिंगावल की टीम का बीकानेर के वाहन चालकों के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ करने पर आभार व्यक्त किया।

स्मार्ट क्लासरूम में प्रशिक्षण, मिलेगा भारत सरकार का लेवल-4 प्रमाणपत्र

राठौड़ ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा स्मार्ट क्लासरूम के माध्यम से आधुनिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रतिभागियों को निःशुल्क ड्राइवर किट (कैप, बैग, टी-शर्ट एवं कंबल), भोजन एवं चाय उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा एवं बीमा योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।

प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सफल प्रतिभागियों को कौशल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) एवं लॉजिस्टिक्स सेक्टर स्किल काउंसिल (LSC) से मान्यता प्राप्त एनएसक्यूएफ लेवल-4 का प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जिसे कक्षा 12वीं के समकक्ष बताया गया है। आयोजकों के अनुसार यह प्रमाणपत्र भारत के साथ खाड़ी देशों सहित 90 से अधिक देशों में मान्य है।

सोमवार से शुक्रवार तक होगा प्रशिक्षण

राठौर ने बताया कि डीबी स्किल के मास्टर ट्रेनर रविकांत सोनी एवं समन्वयक श्रीमती नंदिनी जोशी द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। मोबिलाइजर सरजीत सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण प्रतिदिन सोमवार से शुक्रवार प्रातः 9 से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार प्रतिदिन अधिकतम 27 व्यावसायिक वाहन चालकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इच्छुक चालक अपने वैध हेवी ड्राइविंग लाइसेंस एवं आधार कार्ड के साथ पंजीकरण करवा सकते हैं। पूर्व पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर 9928770789 एवं 9252072769 पर संपर्क किया जा सकता है।

मोबिलाइजर मुकुंद खंडेलवाल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों द्वारा जिलेभर में वाहन चालकों के बीच जनसंपर्क कर पेम्पलेट एवं प्रचार सामग्री वितरित की जा रही है तथा अधिकाधिक व्यावसायिक वाहन चालकों से इस निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की गई।

कार्यक्रम में डीबी स्किल की समन्वयक श्रीमती नंदिनी जोशी, ट्रेनर रविकांत सोनी, स्थानीय समन्वयक विनोद राठौड़, आरडीटीसी सिंगावल के परियोजना सह-समन्वयक प्रहलाद जाट, बजरी ट्रक यूनियन के उम्मेद सिंह भाटी तथा सर्वधर्म सेवा समिति के सचिव जेठमल सोलंकी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

=====================

दीपावली सजावट एवं रोशनी प्रतियोगिता के परिणाम घोषित

विजेताओं को बीडीए करेगा पुरस्कृत, सभी प्रतिभागियों को मिलेंगे प्रशस्ति-पत्र
जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मान की करेंगे अभिशंसा

बीकानेर, 16 नवंबर। बीकानेर विकास प्राधिकरण द्वारा दीपावली पर आयोजित सजावट एवं रोशनी प्रतियोगिता के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। प्रतियोगिता में पंचशती सर्किल पर की गई सजावट को प्रथम, मूर्ति सर्किल को द्वितीय तथा म्यूजियम सर्किल की सजावट को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

बीकानेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुड़े नाना ने बताया कि शहर के सौंदर्यकरण एवं दीपावली उत्सव को आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से शहरी क्षेत्र के 45 प्रमुख स्थानों को चिह्नित कर विभिन्न टेंट व्यवसायियों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों को सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया था। सभी प्रतिभागियों ने उत्साह एवं रचनात्मकता के साथ इसमें भागीदारी निभाई।

आयुक्त ने बताया कि सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था के कार्यों का मूल्यांकन गठित तीन समितियों द्वारा निर्धारित मापदंडों के आधार पर किया गया। घोषित परिणामों के अनुसार, पंचशती सर्किल पर उत्कृष्ट सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था के लिए गोडावण पब्लिसिटी को 100 में से 96.3 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान मिला। मूर्ति सर्किल पर सजावट के लिए राधा माधव टेंट हाउस ने 90.3 अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा म्यूजियम सर्किल पर सजावट के लिए कुकणा फ्लावर्स डेकोरेशन एंड इवेंट ने 89.3 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।

बीकानेर विकास प्राधिकरण द्वारा तीनों विजेताओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। जिला कलेक्टर को आगामी गणतंत्र दिवस समारोह में तीनों विजेताओं को जिला स्तर पर सम्मानित करने के लिए अनुशंसा भेजी जाएगी। साथ ही, बीडीए द्वारा शेष 42 स्थानों पर सजावट एवं रोशनी का कार्य करने वाले प्रतिभागियों को भी उनके प्रयासों के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

आयुक्त ने कहा कि जनभागीदारी एवं व्यावसायिक संस्थाओं के सहयोग से शहर के सौंदर्यकरण को नई दिशा मिलती है। इससे सामाजिक सहभागिता एवं सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को भी प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने प्रतियोगिता में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले सभी टेंट व्यवसायियों, व्यापारियों एवं संबंधित संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
============

अमृता हाट मेला: संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में तैयारियों के संबंध में बैठक मंगलवार को

बीकानेर, 16 नवंबर। महिला अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संभाग स्तर पर 10 से 16 दिसंबर तक अमृता हाट मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले की तैयारी के संबंध में संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा की अध्यक्षता में 17 नवंबर को सायं 4:30 बजे संभागीय आयुक्त कार्यालय के सभागार में बैठक आयोजित की जाएगी। महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक डॉ. अनुराधा सक्सेना ने यह जानकारी दी।

================================

adv change on 24 oct 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *