

80 वर्ष से अधिक आयु के अस्वस्थ पेंशनरों के घर जाकर बनेगा प्रमाण पत्र


बीकानेर, 19 नवंबर । केके पुरोहित स्मृति संस्थान एवं पुष्करणा हेल्पिंग हैंड्स के संयुक्त तत्वावधान में सेवानिवृत्त सरकारी कार्मिकों के जीवित प्रमाण पत्र बनाने के लिए शनिवार (21 नवंबर) को विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर नत्थूसर गेट के अंदर प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक संचालित होगा। शिविर के समापन के बाद शाम 4.15 बजे केके पुरोहित की सातवीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें शिविर में सेवाएं देने वालों का सम्मान भी किया जाएगा।



शिविर के पोस्टर का विमोचन कार्यक्रम प्रभारी सुरेश व्यास, रमेश व्यास, सह प्रभारी संदीप पुरोहित, केके पुरोहित स्मृति संस्थान के प्रभा शंकर रंगा, शिव कुमार पुरोहित एवं स्वरूप सिंह पुरोहित ने किया।
कार्यक्रम प्रभारी सुरेश व्यास ने बताया कि शिविर में सेवानिवृत्त कार्मिकों के जीवित प्रमाण पत्र ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से तैयार किए जाएंगे। ऑफलाइन प्रमाणीकरण के लिए राजपत्रित अधिकारियों की सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने बताया कि 80 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे सेवानिवृत्त कार्मिक, जो अस्वस्थता के कारण शिविर स्थल तक पहुंचने में असमर्थ हैं, उनके घर जाकर भी जीवित प्रमाण पत्र जनरेट किए जाएंगे।
व्यास ने कहा कि पेंशन का लाभ निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए सेवानिवृत्त सरकारी कार्मिकों को प्रतिवर्ष नवंबर माह में जीवित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होता है। वरिष्ठ नागरिकों को इस प्रक्रिया के दौरान अनावश्यक भागदौड़ और परेशानी से बचाने के उद्देश्य से यह शिविर लगाया जा रहा है।

