

- जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश, 22 नवंबर को चलेगा पल्स पोलियो अभियान
बीकानेर, 18 नवंबर । जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक बैठक बुधवार को जिला कलेक्टर निशान्त जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक के दौरान कलेक्टर ने कहा कि पुख्ता मॉनिटरिंग और संवेदनशीलता के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच अंतिम छोर तक सुनिश्चित की जाए तथा इनकी गुणवत्ता भी बनाए रखी जाए। उन्होंने मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम, टीबी मुक्त भारत अभियान, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना और मां वाउचर योजना सहित तमाम स्वास्थ्य योजनाओं की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध व पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. बीसी घीया सहित जिला व खंड स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


मौसमी बीमारियों की रोकथाम व योजनाओं का लाभ



मौसम में आए बदलाव को देखते हुए जिला कलेक्टर ने डेंगू, मलेरिया और वायरल बुखार के रोगियों को अस्पतालों में सहज चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने रोगियों की पहचान के लिए घर-घर सर्वे कर सक्रिय रोग नियंत्रण गतिविधियां चलाने को कहा। प्रत्येक अस्पताल में राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी (आरएमआरएस) की शत-प्रतिशत बैठकें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ताकि संसाधनों की उपलब्धता बनी रहे। साथ ही मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना का लाभ अधिकाधिक आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
मातृ-शिशु स्वास्थ्य और टीकाकरण लक्ष्य
एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत प्रत्येक बच्चे को आयरन की गोली उपलब्ध कराने के लिए शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग को समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए गए, वहीं जनवरी से शुरू होने वाले एनीमिया मुक्त भारत 2.0 के लिए तैयारी व प्रशिक्षण के निर्देश भी मिले। कलेक्टर ने एएनसी पंजीकरण बढ़ाने, प्रत्येक गर्भवती महिला की चार गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व जांच सुनिश्चित करने, बच्चों के नियमित टीकाकरण को वर्तमान 93 प्रतिशत से बढ़ाकर एक माह में 95 प्रतिशत और फिर शत-प्रतिशत करने तथा हाई रिस्क प्रेग्नेंसी का चिन्हीकरण कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी तय की। उन्होंने एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की सराहना करते हुए वर्षांत तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए ताकि किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा मिल सके।
बैठक में जिला परिषद की सीईओ शैलजा पांडे, पीबीएम अस्पताल उप अधीक्षक डॉ. गौरी शंकर जोशी, जिला टीबी अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर मोदी, आरसीएचओ डॉ. भवानी शंकर गहलोत, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र तनेजा और डॉ. लोकेश गुप्ता सहित चिकित्सा, शिक्षा एवं महिला-बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
22 नवंबर को पल्स पोलियो अभियान
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक के साथ पल्स पोलियो अभियान की जिला टास्क फोर्स बैठक भी हुई, जिसमें आरसीएचओ डॉ. भवानी शंकर गहलोत ने अभियान के लक्ष्यों की जानकारी दी। कलेक्टर निशान्त जैन ने पड़ोसी देशों में पोलियो के मामलों का जिक्र करते हुए पूरी सतर्कता के साथ 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद पिलाना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने शिक्षा विभाग को रविवार को पल्स पोलियो बूथ वाले विद्यालय खुले रखने और विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए।
निशुल्क दवा योजना में 55 माह से अव्वल बीकानेर
मुख्यमंत्री निशुल्क निरोगी राजस्थान दवा योजना में बीकानेर जिला लगातार 55 माह से प्रदेश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। इस उपलब्धि पर जिला कलेक्टर ने सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध और योजना प्रभारी डॉ. नवल किशोर गुप्ता को बधाई दी। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चिकित्सा संस्थानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया, जिनमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राणेर दामोलाई (प्रथम), शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंबर 5 (द्वितीय) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कक्कू (तृतीय) के प्रभारी व संबंधित ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी शामिल रहे।

