

संगोष्ठी में 12 शिक्षण संस्थाओं के लगभग 200 विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने की सहभागिता


गंगाशहर, 19 नवंबर। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार तथा राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के राज्य मुख्यालय, जयपुर के वार्षिक कार्यक्रमानुसार नेशनल ग्रीन कोर योजना के अंतर्गत जिला मुख्यालय बीकानेर के तत्वावधान में स्थानीय संघ, गंगाशहर स्तर पर ‘स्वस्थ जीवन शैली जागरूकता कार्यक्रम एवं साइकिल रैली’ का आयोजन श्री गोपेश्वर विद्यापीठ सैकेंडरी स्कूल, गंगाशहर में उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।



संगोष्ठी की संयोजिका हेमलता जोशी ने बताया कि विशेषज्ञ वक्ताओं ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर महत्वपूर्ण विचार रखे। नेचुरोपैथी एवं योगाचार्या डॉ. वत्सला गुप्ता ने योग व प्राकृतिक चिकित्सा तथा पीबीएम चिकित्सालय, बीकानेर की आयुर्वेदाचार्या डॉ. नेहा दाधीच ने आयुर्वेदिक जीवनशैली के संबंध में ज्ञानवर्धक जानकारी साझा की। सी.ओ. (गाइड) मीनाक्षी भाटी ने स्काउट-गाइड आंदोलन के महत्व पर प्रकाश डाला। स्थानीय संघ, गंगाशहर के एडीसी (स्काउट) डॉ. करनीदान कच्छवाह ने उपस्थितजनों को नशामुक्त जीवन की शपथ दिलाई, जबकि वरिष्ठ गाइडर विद्या पारीक ने स्वस्थ जीवन की शपथ ग्रहण कराई। इससे पूर्व स्थानीय संघ, गंगाशहर के प्रधान भवानीशंकर जोशी ने स्वागत संबोधन दिया, उपप्रधान गिरिराज खैरीवाल ने मंच संचालन करते हुए आयोजन का महत्व प्रतिपादित किया तथा सचिव प्रभुदयाल गहलोत ने आभार व्यक्त किया।
समारोह में अतिथियों एवं वक्ताओं को स्काउट स्कार्फ़ व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्री गोपेश्वर विद्यापीठ सैकेंडरी स्कूल, डिसेंट किड्स, शांति विद्या निकेतन, श्री पूर्णेश्वर ज्ञान मंदिर, संत श्री तुलछाराम महाराज पाठशाला, ही सौ रामपुरिया विद्या निकेतन, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (उदयरामसर), राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (भीनासर), अमर ज्योति विद्या मंदिर, शांति बाल निकेतन, राजकीय महात्मा गांधी सीनियर सैकेंडरी स्कूल (सुजानदेसर) के स्काउट व गाइड तथा श्री जैन स्नातकोत्तर महाविद्यालय के रोवर्स सहित 12 शिक्षण संस्थाओं के लगभग 200 विद्यार्थियों और स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी संभागी विद्यालयों के प्रतिनिधियों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सहायक राज्य संगठन आयुक्त महेंद्र सिंह भाटी के असामयिक देहावसान पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के पश्चात स्वस्थ जीवन शैली, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए साइकिल रैली निकाली गई। रैली को सी.ओ. (गाइड) मीनाक्षी भाटी, एडीसी (स्काउट) डॉ. करनीदान कच्छवाह, उपप्रधान गिरिराज खैरीवाल, सचिव प्रभुदयाल गहलोत, सीनियर स्काउटर रमेश कुमार मोदी, के.के. खत्री और गौरीशंकर शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली श्री गोपेश्वर विद्यापीठ सैकेंडरी स्कूल से प्रारंभ होकर उपनगरीय क्षेत्र गंगाशहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः विद्यालय परिसर के पास संपन्न हुई।

