

- शपथ ग्रहण से पूर्व नए सदस्यों व नई टीम का हुआ परिचय
बीकानेर, 19 नवंबर । जैन समाज की अंतरराष्ट्रीय संस्था जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) के बीकानेर चैप्टर की महिला विंग का स्नेह मिलन गुरुवार को होटल बसंत विहार में नवनियुक्त चैप्टर चेयरपर्सन प्रीति डागा के नेतृत्व में आयोजित हुआ। स्नेह मिलन में चैप्टर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी, पूर्व कार्यकारिणी सहित 121 से अधिक महिलाओं ने सहभागिता की। आपसी परिचय और मनोरंजक खेलों के साथ हुए इस आयोजन में जैन समुदाय की महिलाओं के सशक्तिकरण, सेवा, शिक्षा और विकास पर विस्तार से चर्चा की गई।


जीतो बीकानेर चैप्टर की चेयरपर्सन एवं अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन समिति की राष्ट्रीय महामंत्री प्रीति डागा ने बताया कि ‘हम तुम और गुफ्तगु’ नामक इस स्नेह मिलन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पिछले एक वर्ष में संगठन से जुड़े 100 से अधिक नए सदस्यों तथा नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण से पूर्व मेल-मुलाकात और परिचय कराना है, ताकि नई टीम का उत्साह व आपसी स्नेह सुदृढ़ हो सके। इस दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रीति डागा के साथ उपाध्यक्ष नंदनी छलाणी व दीपिका बोथरा, मुख्य सचिव प्रियंका बैद, संयुक्त सचिव भावना डागा व कोमल सुखलेचा तथा कोषाध्यक्ष दीपिका कोठारी ने नए सदस्यों का परिचय प्राप्त कर उनका स्वागत किया।



नवकार महामंत्र के साथ शुरू हुए समारोह में महिलाओं को आत्मनिर्भर, आर्थिक रूप से सक्षम और नेतृत्व के लिए तैयार करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण तथा डिजिटल व साइबर जागरूकता के क्षेत्रों में संयुक्त रूप से कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया गया। प्रीति डागा ने बताया कि वर्ष 2007 में स्थापित जीतो का उद्देश्य व्यापार नेटवर्किंग, आर्थिक सशक्तिकरण, शिक्षा और समाज सेवा के माध्यम से समुदाय को जोड़ना व आगे बढ़ाना है।
#Bikaner, #JITO, #JITOLadiesWing, #WomenEmpowerment, #PreetiDaga, #JainCommunity, #BikanerNews, #RajasthanNews, #TharExpressNews,

