ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम पर ड्यूटी के दौरान आरएसी जवान की गोली लगने से मौत
ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम पर ड्यूटी के दौरान आरएसी जवान की गोली लगने से मौत

- मेडिकल बोर्ड से हुआ पोस्टमार्टम, परिवार ने माना हादसा
अजमेर, 20 अक्टूबर। अजमेर के माखुपुरा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में तैनात 9वीं आरएसी बटालियन टोंक के कॉन्स्टेबल नरेंद्र गोदारा (31) की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। मंगलवार को जेएलएन अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से मृतक का पोस्टमार्टम करवाया गया। एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला प्रथम दृष्टया हादसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है।


आदर्शनगर थाना पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना सोमवार शाम करीब 5:15 बजे उस समय हुई जब ड्यूटी शिफ्ट बदली जा रही थी। मूल रूप से नागौर के मेड़ता रोड निवासी नरेंद्र गोदारा साल 2018 में आरएसी में भर्ती हुए थे और वर्तमान में अजमेर में कार्यरत थे। उनकी पत्नी महेंद्र भी जिला पुलिस की यातायात शाखा में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात हैं। मृतक के परिजनों ने किसी भी तरह की अनहोनी की शंका से इंकार करते हुए इसे एक हादसा माना है। घटना से ठीक पहले नरेंद्र ने अपनी 10 महीने की बेटी से वीडियो कॉल पर बात की थी, जिससे परिवार गहरे सदमे में है।




