वृद्ध आश्रम में भजन संध्या आयोजित, बुजुर्गों ने भजनों पर किया नृत्य, वूमेन सेफ्टी फाउंडेशन ने बांटी खुशियां
वृद्ध आश्रम में भजन संध्या आयोजित, बुजुर्गों ने भजनों पर किया नृत्य, वूमेन सेफ्टी फाउंडेशन ने बांटी खुशियां


बीकानेर, 21 मई। वूमेन सेफ्टी फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा सामाजिक सरोकार के तहत एमजी रोड स्थित ‘शांति निवास वृद्ध आश्रम’ में एक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस संगीतमय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में आनंद, उत्साह और मानसिक शांति का संचार करना रहा। सुरम्य भजनों की प्रस्तुति पर आश्रम के सभी वृद्धजन खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने बेहद उत्साह के साथ गायन व नृत्य कर खुशियां मनाईं।


आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता का माध्यम
फाउंडेशन की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्पिता गुप्ता ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृद्धाश्रम में इस तरह के आयोजनों से वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में सकारात्मकता, मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव में उन्हें अपनत्व और खुशियों की सबसे ज्यादा जरूरत होती है।


बुजुर्ग समाज की अनमोल धरोहर: पदाधिकारी
जिला अध्यक्ष नीति शर्मा ने बुजुर्गों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि जिस घर और समाज को बुजुर्गों का सानिध्य मिलता है, वहां हमेशा सुख-समृद्धि और शांति का वास होता है। संगठन मंत्री मीनाक्षी चौहान ने सभी से वरिष्ठ जनों के प्रति सम्मान और देखभाल की भावना बनाए रखने की अपील की।
वहीं संस्था की महासचिव प्रिया भार्गव एवं सचिव वीना शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि बुजुर्ग हमारे परिवार और समाज की अनमोल धरोहर हैं, जिनकी खुशियों का ध्यान रखना हम सभी का परम कर्तव्य है। पदाधिकारी एकता गोस्वामी ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज के समृद्ध अनुभवों के भंडार हैं, जिनसे युवा पीढ़ी को बहुत कुछ सीखने को मिलता है।
राशन और खाद्य सामग्री का किया सहयोग
भजन संध्या के आनंदमयी माहौल के बीच वूमेन सेफ्टी फाउंडेशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों द्वारा शांति निवास आश्रम की रसोई के लिए दैनिक उपयोगी खाद्य सामग्रियां भेंट की गईं। संस्था की ओर से वृद्धजनों के स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखते हुए ताजी सब्जियां, फल, दूध, दही, छाछ और आवश्यक राशन सामग्री का सहयोग किया गया। इस मानवीय और करुणामयी पहल की आश्रम प्रबंधन और वहां रह रहे बुजुर्गों ने सराहना की।


