आयुक्त के आश्वासन पर बार एसोसिएशन बीकानेर ने स्थगित किया प्रस्तावित धरना
आयुक्त के आश्वासन पर बार एसोसिएशन बीकानेर ने स्थगित किया प्रस्तावित धरना

बीकानेर, 8 अक्टूबर। जिला न्यायालय परिसर में लंबे समय से चली आ रही सफाई और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार एसोसिएशन, बीकानेर द्वारा 9 अक्टूबर को प्रस्तावित नगर निगम आयुक्त कार्यालय के घेराव और धरने को स्थगित कर दिया गया है।


बार एसोसिएशन की ओर से बताया गया कि जिला न्यायालय के पुराने एवं नए भवन में सफाई व्यवस्था, कचरा निस्तारण और शौचालयों की मरम्मत सहित कई समस्याओं को लेकर नगर निगम प्रशासन को पिछले कई महीनों से पत्रों और मौखिक रूप से अवगत कराया जा रहा था। पुराने न्यायालय भवन में बार रूम के पीछे जमा गंदगी और पार्किंग के पास स्थित शौचालय की सफाई एवं मरम्मत को लेकर निगम को सात दिन की समय-सीमा भी दी गई थी।


मामले में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानिचामी ने बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित से दूरभाष पर वार्ता की और समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने जिला न्यायालय परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है।
नगर निगम टीम ने संबंधित कार्यों को आगामी 2 से 3 दिनों में पूरा कराने का आश्वासन दिया है। निगम प्रशासन की त्वरित पहल और आश्वासन के बाद बार एसोसिएशन ने 9 अक्टूबर को प्रस्तावित घेराव एवं धरना स्थगित करने का निर्णय लिया।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने कहा कि अधिवक्ता समुदाय न्यायालय परिसर की स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को लेकर लगातार प्रयासरत रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर निगम अपने आश्वासन के अनुसार निर्धारित अवधि में सभी आवश्यक कार्य पूरे कराएगा।
बार एसोसिएशन ने सहयोग और समन्वय के लिए नगर निगम प्रशासन, निगम के अधिवक्ता पार्षदों और महापौर का आभार व्यक्त किया।
