बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार


- केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की पहल पर हुडको ने 40 सरकारी विद्यालयों को दिए इंटरेक्टिव पैनल और ड्यूल डेस्क
- सवा करोड़ के इन संसाधनों से पंद्रह हजार विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
- भावी पीढ़ी पर देश के विकास की जिम्मेदारी, इन्हें आगे बढ़ने के मिलें पर्याप्त अवसर: मेघवाल
- केंद्रीय मंत्री ने किया पावर ग्रिड कारपोरेशन द्वारा सीएसआर मद के 86 लाख के कार्यों का लोकार्पण
बीकानेर, 14 मई। केंद्रीय कानून मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल की पहल पर हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हुडको) द्वारा जिले के 40 सरकारी विद्यालयों में इंटरएक्टिव पैनल और ड्यूल डेस्क वितरण कार्यक्रम गुरुवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुजानदेसर में आयोजित हुआ। श्री मेघवाल की अभिशंसा पर हुडको द्वारा सवा करोड रुपए की लागत से सोशल कॉरपोरेट रिस्पांसबिलिटी (सीएसआर) के तहत यह संसाधन उपलब्ध करवाए गए हैं। जिनका इन विद्यालयों के 15000 विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ होगा।


विद्यालय प्रांगण में आयोजित विशाल कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री श्री मेघवाल ने कहा कि भावी पीढ़ी देश के कंधों पर देश के विकास की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि ये बच्चे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बन सकें, इसके लिए इन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि हुडको द्वारा सीएसआर के तहत प्रदत्त यह सामग्री इन बच्चों के लिए बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगी।


केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री के आह्वान को दोहराते हुए आमजन से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खाड़ी में हो रहे युद्ध और तेल आपूर्ति में बाधा को देखते हुए प्रधानमंत्री की इस अपील का अनुसरण करते हुए नागरिक अपनी भूमिका निभाएं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बच्चों में चरित्र और संस्कार निर्माण तथा नैतिक मूल्यों का विकास अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके मध्यनजर बच्चों को संस्कारवाद बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में वे इस विषय पर विद्यालय के बच्चों की एक घंटा की विशेष क्लास लेंगे, जिसमें बच्चों के साथ उनके अभिभावकों को भी आमंत्रित किया जाए।
केंद्रीय मंत्री ने सभी 40 विद्यालयों के प्रतिनिधियों को इंटरएक्टिव पैनल और ड्यूल डेस्क केप्रमाण पत्र प्रदान किए। साथ ही विद्यालय की स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में पावर ग्रिड कारपोरेशन के सौजन्य से सीएसआर द्वारा तैयार चार कक्षा कक्षों, एक लाइब्रेरी हॉल तथा टीन शेड का लोकार्पण किया। इस पर 86 लाख रुपए व्यय किए गए हैं। उन्होंने समसा के माध्यम से विद्यालय परिसर में बनने वाले दो शौचालय का शिलान्यास किया। साथ ही यह विश्वास दिलाया कि आगे भी सीएसआर मद से विकास कार्य करवाए जाएंगे।
प्रत्येक पंचायत समिति के विभिन्न स्कूलों को मिलेंगे स्मार्ट बोर्ड
श्री मेघवाल ने बताया कि हुडको द्वारा जिले के 40 स्कूलों को यह संसाधन दिए गए हैं। इसमें बीकानेर पंचायत समिति के दस, श्रीडूंगरगढ़ के सात, लूणकरणसर और कोलायत के छह-छह, खाजूवाला, नोखा के चार, पांचू और पूगल के दो-दो तथा बज्जू खालसा का एक विद्यालय सम्मिलित हैं।
इस दौरान महामंडलेश्वर श्री सरजू दास महाराज, श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष राम गोपाल सुथार, श्याम पंचारिया, डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य, मोहन सुराणा तथा नोखा के पूर्व प्रधान कन्हैयालाल सियाग ने भी विचार व्यक्त किया। हुडको के क्षेत्रीय प्रबंधक सुधीर भटनागर ने बताया कि उनको द्वारा समय-समय पर सीएसआर के तहत सामाजिक सरोकार के कार्य किए जाते हैं। बीकानेर के इन विद्यालयों के लिए कार्य करना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। भामाशाह प्रेरक पप्पू राम पवार ने केंद्रीय मंत्री की पहल और प्रेरणा से विद्यालय परिसर में हुए विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री ने हुडको के प्रतिनिधियों का आभार जताया और उनका सम्मान किया। हुडको की श्रीमती गरिमा स्वामी हुडको से जुड़ी जानकारी दी। एडीईओ शिवशंकर चौधरी ने आभार जताया।
इस दौरान पूर्व पार्षद शिवकुमार रंगा, अशोक प्रजापत, शिवलाल तेजी, प्रदीप उपाध्याय दिलीप सिंह आडसर, दीपक पारीक, चंपालाल गैदर, पूर्व पार्षद किशोर आचार्य, श्रीकिशन गोदारा, विजय आचार्य, पूर्व विधायक श्रीमती संतोष बावरी, पूर्व उप महापौर राजेंद्र पवार, श्रीमनीष अग्रवाल, चंद्र मोहन जोशी, महावीर चारण, विनोद गिरी गुसाई सहित बड़ी संख्या में आमजन विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।
===========
कैम्पस प्लेसमेंट शिविर शुक्रवार को
बीकानेर, 14 मई। संभागीय रोजगार कार्यालय में शुक्रवार को प्रातः 10 बजे कैम्पस प्लेसमेंट शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में जिले के बेरोजगार आशार्थियों को रोजगार सहायता, स्वरोजगार एवं रोजगार के लिए व्यक्ति मार्ग दर्शन की जानकारी दी जाएगी।
संभागीय रोजगार कार्यालय के उप निदेशक हरगोबिन्द मित्तल ने बताया कि शिविर में निजी क्षेत्र की जीनस पावन इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड एवं माई साथी टेक प्राइवेट लिमिटेड कम्पनी में टेक्नीशियन, मार्केटिंग एवं सेल्स एग्जिक्यूटिव के 100 से अधिक पदों पर दसवीं, 12वीं, ग्रेजुएट, आई.टी.आई, डिप्लोमा (सभी ट्रेड्स) के बेरोजगार आशार्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए प्राथमिक स्तर पर चयन की प्रक्रिया की जाएगी। उन्होंने शिविर में बेरोजगार आशार्थियों से अपने समस्त शैक्षणिक/प्रशैक्षणिक एवं अन्य योग्यता प्रमाण पत्रों व मय फोटो सहित उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
=====
खाजूवाला में लाभार्थी सम्मेलन और जनसुनवाई शुक्रवार को
खाद्य मंत्री सुमित गोदारा करेंगे एनएफएसए लाभार्थियों से संवाद, सुनेंगे आमजन की समस्याएं
गत माह नोखा से शुरू हुआ नवाचार, जिले की प्रत्येक विधानसभा में क्रमवार होगा आयोजन
बीकानेर, 14 मई। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा की पहल पर शुक्रवार को खाजूवाला की जाट धर्मशाला में दोपहर 12 से 2 बजे तक लाभार्थी सम्मेलन आयोजित होगा। इस दौरान श्री गोदारा, एनएफएसए के लाभार्थियों से संवाद करेंगे। वहीं दोपहर 2 से सायं 6 बजे तक जनसुनवाई होगी।
खाद्य मंत्री ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान पानी, बिजली, सड़क, चिकित्सा सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। इस अवसर पर नहरी क्षेत्र से संबधित अधिकारी मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा नहर सुदृढ़ीकरण और खालो के रखरखाव के लिए पहली बार अनेक कार्य और घोषणाएं की गई हैं। किसानों को इनसे भी अवगत करवाया जाएगा। खाद्य मंत्री ने बताया कि लाभार्थी सम्मेलन की शुरुआत 15 अप्रैल को नोखा से की गई थी। जहां राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना योजना के लाभार्थियों ने अपने अनुभव बताए। उन्होंने बताया कि ऐसे सम्मेलन जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में क्रमवार किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा चलाया गया गिव अप अभियान, पूरे देश के लिए नजीर साबित हुआ। अभियान के तहत 82 लाख वास्तविक लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल सका है। प्रदेश के इस अभियान की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई।
======
- नगरीय निकायों में बीकानेर नगर निगम बने रोल मॉडल- अरुण चतुर्वेदी, अध्यक्ष, राज्य वित्त आयोग
- नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में बोले राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी
- बीकानेर, चूरू व श्रीगंगानगर जिले के कलेक्टर समेत संभाग के चारों जिलों के नगरीय निकायों के अधिकारी हुए बैठक में शामिल
- कचरे का संग्रहण, परिवहन व प्रसंस्करण का टेंडर एक ही कंपनी को देने का आया नहत्वपूर्ण सुझाव
- नगरीय निकायों में स्टाफ लगाने, यूडी टैक्स की शत प्रतिशत वसूली के भी आए सुझाव
बीकानेर, 13 मई। राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि नगरीय निकायों को कैसे स्वावलंबी बनाएं, इनकी आय को कैसे बढाया जाए। इसको लेकर पूरे राजस्थान के नगरीय निकायों में बीकानेर नगर निगम रोल मॉडल की भूमिका निभाए। श्री चतुर्वेदी गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बीकानेर संभाग के चारों जिलों के नगरीय निकाय के अधिकारियों की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।
बैठक में बीकानेर पश्चिम विधायक जेठा नंद व्यास, कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी, श्रीमती सुमन छाजेड़, संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, सप्तम वित्त आयोग के सदस्य सचिव नरेश कुमार ठकराल, सलाहकार हृदयेश कुमार जुनेजा, जिला कलेक्टर बीकानेर निशांत जैन, चूरू कलेक्टर अभिषेक सुराणा, श्रीगंगानगर कलेक्टर अमित यादव,हनुमानगढ़ एडीएम उम्मेदी लाल मीणा समेत निगम कमिश्नर सिद्धार्थ पालानिचामी, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त जसवंत सिंह, उपायुक्त नगर निगम यशपाल आहूजा, कोषाधिकारी धीरज जोशी समेत बीकानेर संभाग के चारों नगरीय निकायों के कमिश्नर, अधिशाषी अधिकारी उपस्थित थे।
पश्चिमी राजस्थान में सोलर निभा सकता है महत्वपूर्ण भूमिका
चतुर्वेदी ने कहा कि देश में नागपुर समेत कई नगरीय निकाय ऐसे हैं जो राज्य और जिले को लोन तक देते हैं। ऐसे नगरीय निकायों से प्रेरणा लेकर संभाग के चारों जिलों के नगरीय निकाय फंड जनरेट करने को लेकर खुद के स्रोत विकसित करें। इसमें पश्चिमी राजस्थान में सोलर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने सड़कों और पार्कों में सोलर लाइट लगाने की बात कही।
कचरे का संग्रहण, परिवहन व प्रसंस्करण का टेंडर एक ही कंपनी को
चतुर्वेदी ने कचरे के संग्रहण, परिवहन और प्रसंस्करण का टेंडर एक ही कंपनी को देने को लेकर आए सुझाव को अति महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे सफाई व्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ साथ जिम्मेदारी भी एक ही कंपनी पर तय हो सकेगी। चतुर्वेदी ने नए टॉयलेट विकसित के दौरान पिंक टॉयलेट उसी अनुपात में बनाने, बड़े शहरों में नाइट टूरिज्म को बढ़ावा देने, निकायों की खाली पड़ी भूमि को मेला ग्राउंड के रूप में विकसित करने, बारिश से पहले वाटर लॉगिंग की जगह चिन्हित कर एक-एक कर उनका समाधान करने हेतु निर्देशित किया।
नगरीय निकायों के सभी सामुदायिक भवनों की हो ऑनलाइन बुकिंग
बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने जिला मुख्यालय पर नगरीय निकाय के सभी सामुदायिकों भवनों की ऑनलाइन बुकिंग करने, नगर निगम की कब्जा ग्रस्त भूमि को खाली करवाने, मांस मीट की दुकानें मनचाहे स्थानों पर नहीं खोलने देने, मृत पशुओं का टेंडर उसी कंपनी को एक साल बढ़ाने की बजाय हर साल करने समेत विभिन्न सुझाव दिए।
शहरों की ओर पलायन रोकने को लेकर गांवों में करना होगा विकास
कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने ग्रामीण क्षेत्र से शहरों की ओर पलायन रोकने को लेकर कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में ही इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित हो। इससे पूर्व सप्तम वित्त आयोग के सदस्य सचिव नरेश कुमार ठकराल ने सप्तम वित्त आयोग की संरचना एवं कार्यविधि के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बैठक में चूरू, श्रीगंगानगर जिला कलेक्टर ने और नगर निगम कमिश्नर बीकानेर व एडीएम हनुमानगढ़ ने प्रेजेंटेशन दिया। बैठक के आखिर में संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में आए कई महत्वपूर्ण सुझाव
बैठक में नगरीय निकायों को और सुदृढ़ करने को लेकर तीन जिलों के कलेक्टर समेत चारों जिलों के नगरीय निकायों के कमिश्नर व अधिशासी अधिकारियों ने महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कचरा संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण का टेंडर एक ही कंपनी को देने, आधुनिक सामुदायिक भवनों का निर्माण कर उन्हें पीपीपी मोड पर चलाने, नगरीय निकायों में स्टाफ की कमी को पूरा करते हुए कुशल स्टाफ लगाने, यूडी टैक्स की शत प्रतिशत वसूली और इसकी वसूली को लेकर वार्ड स्तर पर बिल सर्वेयर या बिल कलेक्टर लगाने, हर साल ऑडिट करने, होर्डिंग समेत अन्य कार्यों को लेकर डीएलबी के स्तर पर विभिन्न एजेंसी को इम्पैनल्ड करने, पूरे स्टेट की प्रॉपर्टी को एक पोर्टल पर लाने, सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट को लेकर दो तीन जिलों के बीच क्लस्टर वाइज बड़े ट्रीटमेंट प्लांट लगाने समेत विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव आए।
========
- केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने ‘करियर काउंसलिंग वैन’ का किया शुभारंभ
- निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा बीकाजी के सहयोग से होगा संचालन
- रोजगार के इच्छुक युवाओं को सही करियर चुनने का मार्गदर्शन प्रदान करना अच्छी पहल : मेघवाल
- शिवकिशन अग्रवाल ‘फन्ना बाबू’ को समर्पित रहेगा अभियान
बीकानेर, 14 मई। केंद्रीय विधि और न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने गुरुवार को निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा बीकाजी के सहयोग से संचालित होने वाले करियर काउंसलिंग वैन का शुभारंभ किया।
जिला उद्योग संघ सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्री मेघवाल ने कहा कि रोजगार के इच्छुक युवाओं को सही करियर चुनने का मार्गदर्शन प्रदान करना अच्छी पहल है। यह युवाओं के लिए लाभदायक रहेगी। उन्होंने कहा कि निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा सामाजिक सरोकारों के तहत बेहतर पहल की गई है। उन्होंने कहा कि वैश्विक आवश्यकताओं के साथ बीकानेर में सोलर, सेरेमिक, पोटाश, इको और नाइट टूरिज्म जैसे क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं के मद्देनजर मार्गदर्शन किया जाए, इसके और अधिक बेहतर परिणाम सामने आएंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बीकाजी के सहयोग से संचालित होने वाली यह वैन शिवरतन अग्रवाल (फन्ना बाबू) को समर्पित की गई है। यह उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। मेघवाल ने कहा कि फन्ना बाबू ने देश और दुनिया में बीकानेर को नई पहचान दिलाई। उन्हें समर्पित वेन युवाओं को आगे बढ़ने की राह दिखाएगी। उन्होंने बताया कि भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा भी गत दिन करियर काउंसलिंग का कार्यक्रम किया गया। समय-समय पर ऐसे प्रयासों की आवश्यकता है।
मेघवाल ने कहा कि बीकानेर में जल्दी ही बड़े स्तर का रोजगार मेला लगाया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। श्री मेघवाल ने आज के दौर मै ई-लाइब्रेरी और ई-कंटेंट की प्रासंगिकता के बारे में बताया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने गंगनहर के सौ वर्ष पूर्ण होने पर प्रस्तावित कार्यक्रमों के बारे में बताया।
बीकाजी के एमडी दीपक अग्रवाल ने कहा कि बीकाजी द्वारा समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य किया जा रहे हैं। निर्विकल्प फाउंडेशन के साथ शुरू किया गया यह कार्य बच्चों को आज के समय के हिसाब से आगे बढ़ने का मार्गदर्शन प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि अभियान में किसी प्रकार के संसाधन की कमी नहीं आने दी जाएगी।
निर्विकल्प फाउंडेशन के फाउंडर डायरेक्टर तथा अभियान संयोजक डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने बताया कि वेन के माध्यम से जिले के 36 सरकारी विद्यालय के विद्यार्थियों को करियर की राह दिखाई जाएगी। उन्होंने आवश्यक सहयोग के लिए बीकाजी का आभार जताया। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर मनन श्रीमाली, प्रोजेक्ट काउंसलर लोचन पारीक, मीडिया कॉर्डिनेटर केशव आचार्य होंगे। इस दौरान उन्होंने करियर सेतु एप और फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे अन्य कार्यों के बारे में बताया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर वैन को रवाना किया। किशोर सर ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन संजय पुरोहित ने किया।
इस दौरान सीए सोहनलाल बैद, जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया, डॉ. शरद आचार्य, कन्हैया लाल बोथरा, किशन मोदी, ऋतु मित्तल, अनुज मित्तल, मितेश खत्री, सुनील शर्मा, ज्योति, सोमेश स्वामी, भारत भूषण गर्ग, अशोक सुराणा, अरुण व्यास, राम भादानी, रणवीर सिंह, किशन प्रजापत, अशोक प्रजापत, डॉ सी एन श्रीमाली, डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, मोहन सुराणा, पुखराज , श्याम सुंदर सोनी, नरेश मित्तल, विमल चौरड़िया, पवन पचीसिया, ओ पी मोदी, डॉ मनोज गौड़, ज्योति दैया आदि मौजूद रहे।
======
स्कूल शिक्षा विभाग: अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री राजेश यादव ने ली समीक्षा बैठक
बीकानेर, 14 मई। स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश यादव की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक माध्यमिक शिक्षा निदेशालय सभागार में गुरुवार को आयोजित हुई। ।
यादव ने विद्यालय भवनों की सुरक्षा एवं उनके आधारभूत सुविधाओं की कार्ययोजना, राजकीय विद्यालयों में प्रवेशोत्सव एवं नामांकन वृद्धि, घुमन्तू परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षण व्यवस्था की कार्ययोजना, एफएफएन, ग्रीष्मावकाश के दौरान शैक्षणिक व्यवस्थाओं की कार्ययोजना, शिक्षण संस्थाओं में पौधारोपण, उनकी सुरक्षा एवं पौधारोपण की पूर्व तैयारी, विद्यालयों में आईसीटी लैब की स्थिति, लंबित न्यायालय अवमानना/जवाबदेही प्रकरण, अनुदानित विद्यालयों के भुगतान संबंधी प्रकरण, निजी विद्यालयों की मान्यता-अपील, अनुकंपा नियुक्ति, नियुक्ति, पदौन्नति प्रकरण, लंबित पेंशन प्रकरण, शाला संबलन, विभागीय जांच, प्राथमिक जांच आदि विभिन्न मुददों पर अधिकारियों से फीडबैक लिया।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि सभी बिंदुओं में राज्य सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति नहीं होने पर इसकी समीक्षा करें और आवश्यकता के अनुसार वरिष्ठ अधिकारी फील्ड में जाएं। एसडीएमसी सदस्यों और स्थानीय नागरिकों से मिलकर फीडबैक लें और समाधान की दिशा में कार्य करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक अधिकारी शाला दर्पण पोर्टल में उपलब्ध डाटा/आंकडों का अध्ययन कर सप्ताह में एक बार समीक्षा करें। शाला दर्पण पोर्टल का डाटा अपडेट हो, इसका विशेष ध्यान रखे। कोई विद्यार्थी अथवा स्टाफ सदस्य असुरक्षित भवन में नहीं रहे, इस हेतु विशेष पाबंद किया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी जर्जर भवन या अन्य कोई महत्वूर्ण सूचना आती है, उस सूचना का सत्यापन फील्ड में जाकर करें। इसके लिए रेंडम जांच की जाए। उन्होंने विभिन्न लंबित प्रकरणों के निर्धारण के लिए समयबद्ध कार्यक्रम सुनिश्चित करते हुए, तय समयावधि में लंबित प्रकरणों का गुणत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में निदेशक, माध्यमिक शिक्षा सीताराम जाट, संयुक्त शासन सचिव शिक्षा ग्रुप-02 महेन्द्र खींची (वीसी के माध्यम से), आयुक्त समग्र शिक्षा डॉ. रश्मि शर्मा (वीसी के माध्यम से), संयुक्त शासन सचिव आयोजना श्रीमती मुन्नी मीणा, आयुक्त संस्कृत शिक्षा श्रीमती प्रियंका जोधावत, अतिरिक्त निदेशक माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा शैलेन्द्र देवड़ा, निदेशक राजस्थान पाठ्य पुस्तक मंडल श्रीमती रंजिता गौतम (वीसी के माध्यम से), अतिरिक्त राज्य परियोजना समन्वयक अशोक मीणा (वीसी के माध्यम से) एवं समस्त संयुक्त निदेशक, स्कूल शिक्षा संभाग, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक, जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रारंभिक तथा निदेशालय माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा के ग्रुप एवं अनुभाग अधिकारी उपस्थित रहे।
नेत्रहीन विद्यालय और स्पोर्ट्स स्कूल का किया निरीक्षण
अतिरिक्त मुख्य सचिव यादव ने बैठक से पूर्व राजकीय नेत्रहीन विद्यालय और सार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल का अवलोकन किया गया। राजकीय नेत्रहीन विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और कहा कि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए वर्तमान मेें व्यवसाय, नौकरी आदि में अवसरों की कमी नहीं है और ना ही कोई बाधा है। नेत्रहीन और स्पोर्ट्स स्कूल के निरीक्षण के समय निदेशक सीताराम जाट, अतिरिक्त निदेशक श्री शैलेन्द्र देवड़ा, संयुक्त निदेशक श्रीमती सुनीता चावला और मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी किशन दान चारण आदि साथ रहे।
=====
केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने देशनोक सीएचसी में विभिन्न विकास कार्यों का किया लोकार्पण
जन संवाद में सुनी आमजन की समस्याएं, सीएचसी को उप-जिला अस्पताल में क्रमोन्नत कराने का दिया आश्वासन
बीकानेर, 14 मई। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने गुरुवार को देशनोक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में नगर पालिका द्वारा निर्मित मेडिसिन स्टोर एवं आर्टिकल स्टोर तथा सांसद निधि कोष से उपलब्ध करवाई गई सोनोग्राफी मशीन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने मंच से ही मदरसा इस्लामिया गौसिया में निर्मित तीन कमरों का भी लोकार्पण किया। इससे पूर्व उन्होंने मां करणी के दर्शन के साथ अपने देशनोक दौरे की शुरुआत की।
देशनोक सीएचसी परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में स्थानीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का साफा एवं शॉल भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि देशनोक सीएचसी को शीघ्र ही उप-जिला अस्पताल में क्रमोन्नत करवाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आडसर दौरे के दौरान इस संबंध में चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के पिछले वर्ष देशनोक दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री समय-समय पर देशनोक की प्रगति और विकास कार्यों की जानकारी लेते रहते हैं।
इस अवसर पर आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में आमजन ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन केंद्रीय मंत्री को सौंपे। पूर्व पार्षद श्री रामेश्वर जनागल ने सीएचसी में डिजिटल एक्सरे मशीन उपलब्ध करवाने की मांग रखी। वहीं श्री लक्ष्मणदान ने देशनोक सीएचसी में ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने तथा राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय को ‘ए’ श्रेणी में क्रमोन्नत कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने संबंधी ज्ञापन सौंपा। इसके अतिरिक्त आमजन ने बिजली, पानी एवं सड़क से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग भी रखी।
=====
जिले में पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण अभियान
विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर 2 पेट्रोल पंपों के खिलाफ प्रकरण दर्ज
जिले में पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण अभियान, उपभोक्ता हितों की सुरक्षा हेतु विभाग सख्त
बीकानेर, 14 मई। उपभोक्ता मामले विभाग के विधिक माप विज्ञान प्रकोष्ठ की जयपुर से आई टीम ने गुरुवार को भी जिला मुख्यालय के पेट्रोल पंपों पर विशेष सघन निरीक्षण अभियान चलाया। विधिक माप विज्ञान अधिकारी श्री देवकी नंदन ने बताया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 तथा राजस्थान विधिक माप विज्ञान (प्रवर्तन) नियम, 2011 के तहत जिले में गुरुवार को भी पेट्रोल पंपों के विरुद्ध व्यापक औचक निरीक्षण अभियान संचालित किया गया।
विधिक माप विज्ञान अधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत गठित विभागीय जांच दल द्वारा जिले के कुल 5 पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया।औचक निरीक्षण के दौरान गढ़ गणेश पेट्रोलियम एचपीसीएल, जूनागढ़ के पीछे तथा विजय मोटर्स, जयपुर रोड पर विधिक माप विज्ञान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रकरण दर्ज कर कुल 3000 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
देवकी नंदन ने बताया कि श्री बालाजी पेट्रोलियम, गाढ़वाला, नित्यकरण फ्यूल्स, सेरूना तथा चौधरी बिल्डर एंड कंपनी, सेरूना निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए तथा उनके परिणाम संतोषजनक रहे। देवकीनंदन ने बताया कि आगामी दिनों में सम्पूर्ण राजस्थान में पेट्रोल पंपों की नियमित जांच जारी रहेगी तथा दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा करना तथा आमजन को सही माप-तौल के साथ गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित कराना है।
======
खरीफ बुवाई पूर्व कृषि आदान विक्रेताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
बीकानेर, 14 मई। आगामी खरीफ सीजन के मद्देनजर किसानों को कृषि आदान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को श्रीडूंगरगढ़ व लूणकरनसर में खरीफ बुवाई पूर्व कृषि आदान विक्रेताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक कृषि मदनलाल, सहायक निदेशक श्रीडूंगरगढ़ रघुवर दयाल सुथार, सहायक निदेशक मुख्यालय सुरेन्द्र मारू, कृषि अधिकारी रामनिवास गोदारा, गिरीराज चारण, मेघराज बंजारा, सहायक कृषि अधिकारी धन्नाराम बैरड आदि अधिकारियों ने आदान विक्रेताओं को सम्बोधित किया।
संयुक्त निदेशक मदनलाल ने आदान विक्रेताओं को कहा कि किसानों को विक्रय किए जाने वाले कृषि आदान की उचित मूल्य पर व गुणवत्ता अपनाने पर जोर दिया तथा साथ ही विभागीय दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने हेतु पाबंद किया। सहायक निदेशक सुरेंद्र मारू ने बताया कि किसी भी स्थिति में कालाबाजारी, अवैध भंडारण अधिक मूल्य वसूलना स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा बिना सरकार की अनुमति के कोई भी कृषि आदान विक्रय न करने हेतु पाबंद किया। प्रशिक्षण मे क्षेत्र के कृषि आदान विक्रेताओं मुखराम गोदारा, गोपी नैन, सुल्तान स्वामी, जगदीश पारीक, लेखराम गोदारा, बाबूलाल स्वामी इत्यादि ने भाग लिया।
====
सुखद दाम्पत्य जीवन योजना के तहत उपलब्ध करवाई जा रही है आर्थिक सहायता
बीकानेर, 14 मई। सुखद दाम्पत्य जीवन योजनान्तर्गत दिव्यांग युवक एवं युवतियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। यह सहायता विवाहोपरान्त सुखद दाम्पत्य जीवन व्यतीत करने के लिए दी जा रही है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एल.डी. पंवार ने बताया कि योजनान्तर्गत 40 या 40 प्रतिशत से अधिक श्रेणी के दिव्यांगों को एक मुश्त 50 हजार रुपए राशि एवं 80 या 80 प्रतिशत से अधिक श्रेणी के दिव्यांगजनों को एक मुश्त राशि 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाती है।
दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के प्रावधानों के अनुसार जिसकी निःशक्तता का प्रतिशत 40 या अधिक होना चाहिए। आवेदक राजस्थान का मूल निवासी हों। दिव्यांगजन वर की आयु 21 वर्ष एवं वधु की आयु 18 वर्ष हो एवं आवेदक के परिवार की समस्त स्त्रोतों से वार्षिक आय 2.50 लाख रुपए से अधिक न हों।
संयुक्त निदेशक ने बताया कि आवेदन के लिए वांछित दस्तावेज यथा निःशक्तता प्रमाण-पत्र, वर-वधू के माता-पिता का शपथ पत्र, जन्म तिथि प्रमाण-पत्र, आय का शपथ पत्र, विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र, पूर्व में अनुदान राशि प्राप्त नहीं करने का प्रमाण पत्र अनिवार्य है। पात्र दिव्यांगजन योजनान्तर्गत ई-मित्र कियोस्क / स्वयं के माध्यम से एसएसओ आईडी द्वारा एसजेएमएस डीएसएपी पॉर्टल से ऑनलाईन आवेदन विवाह दिनांक से 6 माह के भीतर कर सकते हैं।
======
गर्मी के मद्देनजर समन्वय और सतर्कता से कार्य करें जलदाय-विद्युत निगम के अधिकारी : जिला कलक्टर
बीकानेर, 14 मई। जिला कलक्टर निशान्त जैन ने गुरुवार को जलदाय विभाग और विद्युत निगम के विभागीय कार्यों का फीडबैक लिया और गर्मी के मद्देनजर दोनों विभागों को पूर्ण गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने नहरबंदी के पश्चात् सुचारू जलापूर्ति की स्थिति के बारे में जाना और कहा कि जलापूर्ति सुचारू होने तक उपलब्ध पेयजल का बेहतर वितरण हो। आमजन को पेयजल के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने समर कंटीजेंसी प्लान के बारे में जाना तथा कहा कि नहरबंदी के पश्चात् भी गर्मी के मौसम के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता रखी जाए। अधिकारियों को मुस्तैदी के साथ कार्य करने तथा फील्ड पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने हैंडपम्प और ट्यूबवेल रिपेयरिंग की स्थिति की समीक्षा की।
जिला कलक्टर ने कहा कि अंधड़ और बरसात के कारण यदि विद्युत सप्लाई बाधित होती है, तो इसे अविलम्ब ठीक करें। क्षतिग्रस्त विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर भी निर्धारित समय पर दुरूस्त हो, यह सुनिश्चित किया जाए। जिला कलक्टर ने विद्युत सप्लाई की स्थिति के बारे में जाना तथा शहरी क्षेत्र में इसमें और अधिक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत निगम भी निचले स्तर तक की फील्ड फंक्शनरी को सतर्क रखें तथा किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए क्विक रेसपोंस हो।
===============


