बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार



- स्काउट-गाइड कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर का हुआ समापन
- 105 बालक-बालिकाओं ने विभिन्न व्यावसायिक एवं रचनात्मक विधाओं का लिया प्रशिक्षण
बीकानेर, 16 जून। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, उदासर में आयोजित कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह मंगलवार को संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि सहायक राज्य संगठन आयुक्त रामजस लिखाला रहे।


कार्यक्रम में रामेश्वर लाल परिहार, एसबीआई शाखा उदासर के प्रबंधक विनय ढाका, संस्था प्रधान उषा रानी, मनीषा चौहान, बजरंग लाल भादू, जेठमल मेघवाल, रामस्वरूप स्वामी, हरमानदान सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।


समापन समारोह को संबोधित करते हुए सहायक राज्य संगठन आयुक्त रामजस लिखाला ने कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा प्रतिवर्ष कौशल विकास प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाता है। इन शिविरों के माध्यम से बालक-बालिकाओं को जीवनोपयोगी कौशलों का प्रशिक्षण देकर उनकी बहुआयामी प्रतिभाओं को निखारने और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाता है।
इस अवसर पर शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को एसबीआई शाखा उदासर के सहयोग से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने शिविरार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया तथा प्रशिक्षण अवधि में तैयार की गई विभिन्न कलात्मक एवं उपयोगी सामग्रियों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
शिविर परिचय प्रस्तुत करते हुए सीओ स्काउट जसवंतसिंह राजपुरोहित ने बताया कि 18 मई से प्रारंभ हुए इस प्रशिक्षण शिविर में 105 बालक-बालिकाओं ने सिलाई, मेहंदी, नृत्य, चित्रकला, ब्यूटीशियन, इंग्लिश स्पोकन, कंप्यूटर सहित विभिन्न कौशल आधारित विधाओं में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
शिविर के सफल संचालन में योगदान देने वाले प्रशिक्षकों रामकृष्ण पन्नीवाल, संजना पुरोहित, गोपी प्रजापत, तानिया परिहार, आराधना एवं जयश्री को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अंत में शिविर संचालक भंवर सिंह शेखावत ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
——–
- शहरी सेवा शिविर: बीडीए ने किया आवेदनों का त्वरित निस्तारण, आमजन को वितरित किए गए पट्टे
बीकानेर, 16 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार बीकानेर विकास प्राधिकरण द्वारा शहरी सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित होकर पट्टा निर्माण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं विभिन्न सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
शिविर के माध्यम से पट्टा, नामांतरण, लीज मनी, भवन निर्माण स्वीकृति, बेचान एवं ऋण अनापत्ति प्रमाण पत्र, उपविभाजन एवं पुनर्गठन, धारा 90-ए तथा स्ट्रीट लाइट मरम्मत सहित विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन किए जा रहे हैं।
मंगलवार को बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलनिचामी ने शिविर का अवलोकन कर व्यवस्थाओं एवं प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर उपायुक्त ऋषि सुधांशु पांडे, कुणाल राहड़, तहसीलदार महेंद्र सिंह रतनू, आरआई नीतू मीणा, कनिष्ठ अभियंता रामजस पुनिया, एसीपी संजय जनागल, वरिष्ठ सहायक अनिल आचार्य, सूचना सहायक अश्विनी शर्मा, सूचना सहायक महेंद्र सिंह, कनिष्ठ सहायक आलोक सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आयुक्त के मार्गदर्शन में उपायुक्त जोन-ए ऋषि सुधांशु पांडे द्वारा आमजन को पट्टों का वितरण भी किया गया।
शिविर में प्राप्त एवं निस्तारित आवेदनों की स्थिति (12 जून से 16 जून, 2026 तक):
– पट्टा: 175 आवेदन प्राप्त, 134 का निस्तारण।
– भवन निर्माण स्वीकृति: 41 आवेदन प्राप्त, 33 का निस्तारण।
– नामांतरण: 100 आवेदन प्राप्त, 68 का निस्तारण।
– बकाया लीज मनी जमा कर फ्री-होल्ड: 22 आवेदन प्राप्त, 19 का निस्तारण।
– भू-उपयोग परिवर्तन: 6 आवेदन प्राप्त, 1 का निस्तारण, शेष आवेदन प्रक्रियाधीन।
शिविर स्थल पर ही प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी आवेदनों की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे आमजन को त्वरित राहत एवं सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
=========
पशुपालकों को मिला मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना का सुरक्षा कवच
बीकानेर, 16 जून । ग्रामीण सेवा शिविर, किसानों और पशुपालकों के लिए राहत और संबल देने वाला अभियान साबित हो रहा है। ऐसा ही कुछ मंगलवार को भी देखने को मिला जब पांचू के बंधड़ा गांव की संतु देवी और रेवंती ने शिविर में पहुंचकर अपने दो-दो दुधारू पशुओं का बीमा करवाया। दोनों ने शिविर प्रभारी और पशुपालन विभाग के अधिकारियों को अपने आर्थिक हालात की जानकारी दी और कहा कि दुधारू पशुओं के साथ किसी प्रकार की अनहोनी होती है, तो उनके परिवार पर भी संकट के बादल छा जाते हैं। ऐसे में विभाग के अधिकारियों ने योजना के बारे में बताया। हाथोहाथ आवेदन करवाया। आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की और दोनों को उनके दुघारू पशुओं की बीमा का प्रमाण पत्र सौंप दिया। यह बीमा पूर्णतया निःशुल्क किया गया तथा भविष्य में पशुओं के साथ किसी प्रकार की अनहोनी होने पर उन्हें चालीस हजार रुपए प्रति पशु के हिसाब से बीमा राशि मिलेगी, जो कि संकट के दौर में उन्हें संबल देगा। दोनों ने राज्य सरकार की इस पहल का आभार जताया।
========
ग्रामीण सेवा शिविर-2026ः गुरुवार को विभिन्न स्थानों पर होगा शिविरों का आयोजन
बीकानेर, 16 जून। ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत गुरुवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) श्री उम्मेद सिंह रतनू ने बताया कि 18 जून को बीकानेर के कावनी और दाऊदसर, लूणकरणसर के रामसरा और चकजोड़, श्रीडूंगरगढ़ के सुरजनसर और आडसर, कोलायत-हदां के राणासर और सुरजड़ा, बज्जू के बांगड़सर और जागणवाला, पूगल के थारूसर और कंकराला, छत्तरगढ़ के कृष्णनगर, खाजूवाला के कुण्डल तथा नोखा-जसरासर के पारवा और नाथूसर में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
===================
शहरी सेवा शिविर: किसी को मिला विवाह प्रमाण पत्र, तो किसी को जन्म प्रमाण पत्र
बीकानेर, 16 जून । मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की पहल पर शहरी क्षेत्रों में आयोजित हो रहे शहरी सेवा शिविर आमजन की छोटी-बड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान का माध्यम बन गए हैं। ऐसा ही कुछ देखने को मिला लूणकरणसर में आयोजित शिविर के दौरान, जब पिंकी पुत्री मघाराम ब्राह्मण ने शिविर में बताया कि उसे विवाह प्रमाण पत्र बनवाना है। उसने शिविर में आवेदन किया और हाथोहाथ आवश्यक कार्यवाही करते हुए उसे विवाह प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया गया। इसी प्रकार प्रहलाद पुत्र अर्जुनराम जाट ने बताया कि उसे अपने पुत्र भवानी शंकर का जन्म प्रमाण पत्र प्राप्त करने में समस्या आ रही थी। ऐसे में उसे शहरी सेवा शिविर में आवेदन किया और उसे मौके पर ही बेटे का जन्म प्रमाण पत्र मिल गया। उसे इसके लिए कार्यालयों के बेवजह चक्कर नहीं निकालने पड़े, साथ ही बिना समय गवाएं उसे राहत मिली। इसके लिए उसने राज्य सरकार और नगर पालिका का आभार जताया।
======
राहत लाया शिविर: नाम शुद्धि की वर्षों पुरानी समस्या का हुआ हाथोहाथ समाधान
बीकानेर, 16 जून। ग्रामीण सेवा शिविर-2026, आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के सशक्त माध्यम बन रहे हैं। ऐसा ही कुछ मंगलवार को देखने को मिला, जब ग्राम पंचायत बडेरन के चक 7-10 एमजीडी के श्रवण राम पुत्र जोराराम के राजस्व रिकाॅर्ड में हाथोहाथ नाम शुद्धि हो गई और उसकी वर्षो पुरानी समस्या का समाधान हो गया।
श्रवण राम ने बताया कि राजस्व रिकाॅर्ड (खाते) में उसका नाम अशुद्ध होने के कारण उसे विभिन्न प्रशासनिक एवं राजस्व संबंधी कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नाम में त्रुटि होने से दस्तावेजों के मिलान एवं अन्य सरकारी कार्यों में परेशानी आ रही थी।
शिविर की जानकारी मिलने के बाद श्रवण राम ने अपने खाते में नाम शुद्धि के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा सभी रिकॉर्ड्स और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। शुद्धि की कार्यवाही करते हुए शिविर में ही आदेश जारी कर दिया गया, जिससे श्रवण राम को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिली।
श्रवण राम ने अपनी समाधान का करने के लिए मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा का आभार जताया और कहा कि सरकार के निर्देश पर प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कार्य किया, जो कि उसके परिवार के लिए राहतकारी साबित हुआ है।
======
ग्रामीण सेवा शिविर: चार भाइयों को मिली अपने हक और हिस्से की जमाबंदी
बीकानेर, 16 जून। ग्राम पंचायत हुसंगसर में मंगलवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में अपने तीन भाइयों के साथ पहुंचे श्री आशुतोष जाखड़ पैतृक भूमि में सहमति आधारित विभाजन के आवेदन के साथ आए। चारों भाई अपनी भूमि पर औद्योगिक संरचना स्थापित करना चाहते थे, लेकिन संयुक्त खातेदारी होने के कारण उन्हें विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
इसे संवेदनशीलता से लेते हुए शिविर प्रभारी श्री रणजीत बिजारणियां ने आवेदकों के दस्तावेजों की जांच करवाई। सभी भाइयों की सहमति मिलने पर मौके पर ही खाता विभाजन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। तहसीलदार एवं हलका पटवारी द्वारा सहमति से विभाजन प्रस्ताव तैयार कराया गया।
राजस्व विभाग की त्वरित कार्रवाई से मौके पर ही खातेदारी भूमि का विभाजन, नामांतरण दर्ज करने तथा प्रत्येक भाई को उसके हक और हिस्से की जमाबंदी प्रदान की गई। इससे आवेदकों को लंबे समय तक कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली और उनकी भूमि संबंधी समस्या का तत्काल समाधान हो गया।
आशुतोष जाखड़ एवं उनके भाइयों ने राज्य सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का समय-समय आयोजन होना चाहिए।
=======
शहरी सेवा शिविरों के लिए प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति
बीकानेर, 16 जून। राज्य सरकार द्वारा 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा शिविरों के सफल संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला कलक्टर निशांत जैन ने आदेश जारी कर नगरीय निकायों में शिविर प्रभारी एवं सहायक शिविर प्रभारियों की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।
आदेशानुसार नगर निगम आयुक्त व बीकानेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नगर निगम बीकानेर के लिए आयुक्त नगर निगम को शिविर प्रभारी तथा उपायुक्त नगर निगम को सहायक शिविर प्रभारी बनाया गया है। इसी प्रकार नगरपालिका नोखा, श्रीडूंगरगढ़, देशनोक, लूणकरणसर, खाजूवाला एवं नापासर में संबंधित उपखंड अधिकारियों को शिविर प्रभारी तथा अधिशासी अधिकारियों को सहायक शिविर प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदेशानुसर शिविर प्रभारी शिविरों में प्राप्त होने वाले प्रकरणों का पूर्व में ही चिन्हित करवाने होंगे तथा अग्रिम दल द्वारा शिविर से दो दिन पूर्व मौके पर जाकर प्रकरणों की पूर्ण रूप से जांच करनी होगी, जिससे शिविर दिवस पर अधिकतम प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया जा सके। शिविर प्रभारी अपने स्तर पर स्टाफ की नियुक्ति कर व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करेंगे तथा आयोजित शिविरों की रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों एवं जिला प्रशासन को प्रेषित करेंगे।
=====
शहरी सेवा शिविरों के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित
बीकानेर, 16 जून। शहरी सेवा शिविर-2026 से जुड़ी सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन के आदेश अनुसार जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।
आदेशानुसार नियंत्रण कक्ष का प्रभारी अधिकारी तहसीलदार (भू अभिलेख) श्री विशनाराम को नियुक्त किया गया है। इनके मोबाइल नम्बर 94602-71964 तथा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर-0151-2226031 हैं।
======
युवा दिव्यांगों को प्रदान की जाएगी स्कूटीः पात्र 31 जुलाई तक कर सकेंगे आॅनलाइन आवेदन
बीकानेर, 16 जून। राज्य सरकार की बजट घोषणा की अनुपालना में प्रदेश के 2 हजार 500 युवा दिव्यांगों को स्कूटी प्रदान की जाएगी। पात्र दिव्यांग इसके लिए 31 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एलडी पंवार ने बताया कि बजट घोषणा वर्ष 2026-27 की अनुपालना में चलने-फिरने में असमर्थ विशेष योग्यजन, जो राजकीय अथवा मान्यता प्राप्त महाविद्यालय में नियमित अध्ययनरत हैं अथवा रोजगार करने वाले हैं, उन्हें यह स्कूटी प्रदान की जाएगी।
पंवार ने बताया कि इच्छुक आवेदक को अपना आवेदन ई-मित्र कियोस्क अथवा स्वयं के द्वारा एस.एस.ओ पोर्टल पर डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाॅट एसएसओ डाॅट राजस्थान डाॅट जीओवी डाॅट इन ‘एसजेएमएस डीएसएपी (सीएम स्कूटी योजना) आईकन के माध्यम से करना होगा। आवेदन पत्रों का चयन जिला कलक्टर अथवा उनके द्वारा नामित प्रतिनिधि की अध्यक्षता में गठित चयन समिति द्वारा किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए रानी बाजार स्थित चौपड़ा कटला परिसर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग कार्यालय में कार्यालय समय के दौरान संपर्क अथवा विभागीय वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाॅट डीएसएपी डाॅट राजस्थान डाॅट जीओवी डाॅट काॅम पर विजिट किया जा सकता है।
ऐसे युवा होंगे पात्र
पंवार ने बताया कि किसी भी आयु वर्ग के चलन निःशक्तता विशेष योग्यजन, जो किसी विश्वविद्यालय से संबद्ध राजकीय अथवा मान्यता प्राप्त महाविद्यालय स्तरीय संस्थान में नियमित अध्ययनरत हैं। राष्ट्रीय युवा नीति-2014 के आधार पर 18 वर्ष से 29 आयु वर्ग के रोजगार करने वाले पात्र चलन निःशक्तता विशेष योग्यजन आवेदकों को प्रथम वरीयता से स्कूटी वितरित की जाएगी। विभाग की सहमति के अनुसार कुल निर्धारित स्कूटियों से शेष उपलब्ध होने की स्थिति में द्वितीय वरीयता में अन्यथा पात्र होने पर 45 वर्ष तक की आयु के विशेष योग्यजन को स्कूटी प्रदान की जाएगी।
यह दस्तावेज होंगे आवश्यक
पंवार ने बताया कि आवेदन के साथ पेंशन भुगतान आदेश की प्रति। चिकित्सा प्राधिकारी अथवा चिकित्सा बोर्ड द्वारा जारी 40 प्रतिशत या उससे अधिक प्रतिशत के चलन निःशक्तता प्रमाण पत्र की स्वप्रमाणित प्रति। राजस्थान राज्य का मूल निवासी प्रमाण पत्र अथवा अन्य कोई दस्तावेज जो मूल निवास दर्शाता हो। आधार कार्ड एवं जन आधार कार्ड की स्व प्रमाणित प्रति। सक्षम स्तर से जारी जन्म प्रमाण पत्र अथवा 10वी की अंकतालिका, आधार एवं अन्य की प्रति।
नियमित अध्ययनरत विशेष योग्यजन आवेदकों को महाविद्यालय के प्राचार्य अथवा संस्था प्रधान से नियमित अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र जो कि (जो वर्तमान में अध्ययनरत है, उन्हीं के लिए) आवेदन की तिथि से एक माह से अधिक पुराना न हो। रोजगाररत विशेष योग्यजन आवेदक द्वारा नियोक्ता द्वारा जारी प्रमाण पत्र अथवा स्वयं का शपथ पत्र। आवेदक द्वारा पूर्व में भारत अथवा राज्य सरकार द्वारा संचालित किसी भी योजनान्तर्गत मोटराइज्ड ट्राई साईकिल/स्कूटी वाहन प्राप्त नहीं किये जाने संबंधी शपथ पत्र (गत 08 वर्ष में तथा आवेदक की फोटो (विकलांगता प्रदर्शित करते हुये) तथा आवेदक द्वारा वाहन चलाने के ड्राईविंग लाईसेन्स की स्वप्रमाणित प्रति देनी होगी।
========


