बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के 11 सरकारी समाचार


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें जनसंपर्क अधिकारी: राकेश शर्मा, आयुक्त सूचना एवं जनसंपर्क विभाग


आउटडोर मीडिया पब्लिसिटी और सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स का करें भरपूर उपयोग: डॉ. जी.एल. शर्मा


अतिरिक्त निदेशक, जनसंपर्क बीकानेर संभाग के जनसंपर्क अधिकारियों की बैठक आयोजित
बीकानेर, 7 फरवरी। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की पहली संभाग स्तरीय बैठक शनिवार को बीकानेर के सूचना केंद्र में आयोजित हुई।
जनसंपर्क विभाग के आयुक्त राकेश शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इससे जुड़े। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों का विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसके सभी प्लेटफॉर्म्स का उपयोग भी प्रचार-प्रसार के लिए किया जाए। उन्होंने आउटडोर मीडिया के प्रचार-प्रसार साधनों की जानकारी ली। साथ ही पत्रकारों से समन्वय बनाए रखने तथा राज्य सरकार की पत्रकार कल्याण की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पत्रकार को दिलाने के निर्देश दिए।
जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित बैठक में अतिरिक्त निदेशक डॉ. जी.एल. शर्मा ने बीकानेर संभाग में पदस्थापित विभाग के सभी अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय तथा राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी से संबंधित जन-जागरूकता एवं प्रचार गतिविधियों की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि इन संस्थाओं की उपलब्धियों, शोध कार्यों, सांस्कृतिक संरक्षण गतिविधियों तथा जनहित से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी मीडिया कवरेज के माध्यम से आमजन तक पहुँचाया जाए।
डॉ.शर्मा ने कहा कि जनसंपर्क विभाग की भूमिका केवल समाचार संप्रेषण तक सीमित नहीं है। यह सरकार, संस्थाओं और आमजन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु है। योजनाओं, नवाचारों और सकारात्मक पहलों को तथ्यपरक, सरल और जनहितकारी रूप में प्रस्तुत किया जाना चाहिए, जिससे आमजन को सीधे लाभ मिल सके। अतिरिक्त निदेशक ने कहा कि प्रत्येक जिले के नवाचारों और उत्कृष्ट कार्यों का आदान-प्रदान कर उन्हें अन्य जिलों में भी लागू किया जाए।
जनसंपर्क कार्यालय बीकानेर के उपनिदेशक श्री हरि शंकर आचार्य ने संभाग के विभिन्न जिलों में चल रही जनसंपर्क गतिविधियों, विशेष अभियानों तथा विशेष आयोजनों की जानकारी भी साझा की। सभी जिलों के अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों की उपलब्धियों, चुनौतियों और नवाचारों से अवगत कराया।
इस दौरान राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के सचिव श्री शरद केवलिया, स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय से सहायक निदेशक श्रीमती भाग्यश्री गोदारा, बीकानेर के जनसंपर्क अधिकारी श्री सुरेश बिश्नोई, श्रीगंगानगर के जनसंपर्क अधिकारी श्री अनिल शाक्य, हनुमानगढ़ के सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्री राजपाल तथा चूरू के सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्री मनीष कुमार, जिला परिषद के आईईसी समन्वयक श्री गोपाल जोशी सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे।
=============
मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान की बैठक 9 फरवरी को
बीकानेर, 7 फरवरी। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान-2.0 (तृतीय चरण) की डीपीआर अनुमोदन के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक का आयोजन 9 फरवरी (सोमवार) को प्रातः 11 बजे जिला कलेक्टर सभागार में किया जायेगा। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सोहन लाल ने सभी लाईन विभागों के अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित सूचनाओं सहित बैठक में भाग लेने के निर्देश दिए गए हैं।
=================
लूणकरणसर में रेलवे अंडरब्रिज से रीको औद्योगिक क्षेत्र एफसीआई गोदाम तक बनेगी सड़क
खाद्य मंत्री श्री सुमित गोदारा के प्रयासों से हुई स्वीकृत
बीकानेर, 7 फरवरी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा के प्रयासों से लूणकरणसर में राष्ट्रीय राजमार्ग रेलवे अंडरब्रिज से रीको औद्योगिक क्षेत्र एफसीआई गोदाम तक सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली है। श्री गोदारा ने बताया कि यह सड़क 34 फिट चौड़ी तथा 1.1 किलोमीटर लंबी होगी। इस सड़क के निर्माण पर 1.28 करोड़ रुपए व्यय होंगे। इससे आमजन को आवागमन में सहूलियत होगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासी लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। अब इसे स्वीकृत करवाया गया है। श्री गोदारा ने कहा कि गत दो वर्षों में लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण के ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। अनेक कार्य प्रगतिरत हैं, जिनके पूर्ण होने से आमजन को राहत मिलेगी। उन्होंने यह सड़क स्वीकृत होने पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया है और कहा कि क्षेत्र में विकास की दृष्टि से कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। इस सड़क का निर्माण शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा तथा पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करवाने के प्रयास होंगे। उन्होंने कहा कि रीको क्षेत्र में बनने वाली सड़क से क्षेत्र में नए उद्योगों की स्थापना राह खुलेगी और मंडी में आने वाले किसानों और व्यापारियों को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह सड़क क्षेत्र के विकास में नए आयाम स्थापित करेगी।
============
सिंचाई पाइप लाइन योजना: बिरदाराम के लिए राहत लाया ग्राम उत्थान शिविर
पाइप लाइन पर मिली पन्द्रह हजार रुपए की सब्सिडी
मुख्यमंत्री का जताया आभार
बीकानेर, 7 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर आयोजित किए जा रहे ग्राम उत्थान शिविरों में ग्रामीणों को राहतभरी खुशियां मिल रही हैं।
कृषि सहित विभिन्न योजनाओं का हाथोंहाथ लाभ पा किसान प्रसन्नचित हैं। श्रीडूंगरगढ़ के गिरदावर सर्किल गुसांईसर में शनिवार को आयोजित ग्राम उत्थान शिविर में भी ऐसा दृश्य देखने को मिला, जब शिविर में आए प्रगतिशील किसान बिरदाराम पुत्र करणाराम मेघवाल को पाइप लाइन पर प्राप्त अनुदान मिलने से उनके चेहरे पर संतोष का भाव दिखा।
बिरदाराम को राज्य सरकार की ‘पाइप लाइन योजना’ के तहत पाइप खरीदने पर पन्द्रह हजार रुपए के अनुदान की राशि मिली। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा एवं राज्य सरकार को धन्यवाद दिया।
बिरदाराम ने कृषि विभाग के अधिकारियों के माध्यम से पाइप लाइन योजना सब्सिडी के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन करने के बाद उनके खातेदारी के खेत का प्री-वेरिफिकेशन हुआ और पाइप लाइन योजना के तहत अनुदान की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई।
प्रशासनिक स्वीकृति के बाद पंजीकृत अनुबंधित विक्रेता से नियमानुसार पाइप लाइन खरीद की। विभागीय अधिकारियों द्वारा सत्यापन पश्चात वित्तीय स्वीकृति के आदेश जारी हुए और उन्हें सब्सिडी राशि मिली।
सहायक निदेशक (उद्यान) मुकेश गहलोत ने बताया कि ट्यूबवैल या कुएं से खेत तक बिना छीजत के पानी पहुँचाने के लिए पाइप लाइन का उपयोग किया जाता है। इससे पानी की 20-25 प्रतिशत तक बचत होती है। लघु एवं सीमान्त कृषकों को इकाई लागत का 60 प्रतिशत या अधिकतम राशि रुपये 18,000/- जो भी कम हो तथा अन्य कृषकों को इकाई लागत का 50 प्रतिशत या अधिकतम राशि रुपये 15,000/- जो भी कम हो, अनुदान देय है।
ग्राम उत्थान शिविर में सहायक कृषि अधिकारी हितेश जांगिड़, कृषि पर्यवेक्षक रवीना व बनवारी लाल सैनी सहित प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।
=========
खेतों की तारबंदी के बाद फसलें हुई सुरक्षित
किसान श्रीराम दास को मिली 40 हजार रुपए की सब्सिडी
बीकानेर, 7 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर गिरदावर सर्कल्स पर ग्राम उत्थान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यह ग्रामीणों के लिए लाभदायक साबित हो रहे हैं। विभिन्न योजनाओं की जानकारी के साथ इनका लाभ पाकर किसान खुश हैं।
श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत गुसांईसर में शनिवार को आयोजित ग्राम उत्थान शिविर में किसान श्रीराम दास स्वामी पुत्र प्रभुदास स्वामी के चेहरे पर खुशी थी। यह खुशी जायज भी थी, क्योंकि श्रीराम दास स्वामी को राज्य सरकार की तारबंदी योजना के तहत अपने खेतों के चारों ओर तारबंदी करने पर 40 हजार रुपए के अनुदान की राशि मिली।
तारबंदी योजना में अनुदान के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा एवं राज्य सरकार को धन्यवाद दिया। श्रीराम दास स्वामी को पहले फसल को आवारा जानवरों से बचाने के लिए रातभर जागकर खेतों की सुरक्षा करनी पड़ती थी या खुद के पैसे खर्च कर रखवाली करवानी पड़ती थी।
श्रीराम दास स्वामी ने कृषि विभाग के अधिकारियों के माध्यम से तारबंदी योजना के तहत सब्सिडी के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन करने के बाद उनके खातेदारी के खेतों के खसरा नंबर का प्री-वेरिफिकेशन हुआ और तारबंदी योजना के तहत अनुदान की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई।
प्रशासनिक स्वीकृति के बाद दोनों ने अपने खातेदारी के खेतों के चारों ओर तारबंदी का कार्य करवाया। तारबंदी का कार्य पूरा होने के बाद वित्तीय स्वीकृति के आदेश जारी हुए और उन्हें सब्सिडी राशि मिली।
खेत की तारबंदी होने के बाद श्रीराम दास स्वामी को अब आवारा पशुओं द्वारा फसल नष्ट किए जाने और खेतों की रखवाली की चिंता नहीं करनी पड़ती उनकी फसल सुरक्षित हो गई है।
सहायक निदेशक (उद्यान) मुकेश गहलोत ने बताया कि तारबंदी योजना के तहत किसानों का लागत का 50 प्रतिशत या अधिकतम 40 हजार रुपए तथा लघु व सीमांत किसानों को 48 हजार रुपए अनुदान देय है। ग्राम उत्थान शिविर में हितेश जांगिड़ सहायक कृषि अधिकारी, रवीना कृषि पर्यवेक्षक व बनवारी लाल सैनी वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक उद्यान व प्रगतिशील किसान उपस्थित रहें।
=================
लूणकरणसर में राज्य स्तरीय पशु मेले का हुआ शुभारंभ
बीकानेर, 7 फरवरी। जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय पशु मेला शनिवार को लूणकरणसर स्थित कालू रोड पर शुरू हुआ।
मेले का उद्घाटन मेलाध्यक्ष और उपखंड अधिकारी दयानंद रूयल, मेला सचिव और पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. बीरमाराम तथा उपनिदेशक एवं मेला अधिकारी डॉ. राजेंद्र स्वामी ने किया।सर्वप्रथम ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद गोपूजन, मां सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ मेला शुरू हुआ।
मेला सचिव डॉ. बीरमाराम ने मेले में होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 11 और 12 फरवरी को विभिन्न पशु प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। बारह फरवरी को विजेता पशुओं के पालकों को पुरस्कार दिए जाएंगे।
मेला अधिकारी डॉ. राजेंद्र स्वामी ने विभागीय गतिविधियों और मेले के कार्यकमों की जानकारी दी। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
