बीकानेर शॉपिंग मेला 30 अक्टूबर से रोटरी भवन में
बीकानेर शॉपिंग मेला 30 अक्टूबर से रोटरी भवन में

- “वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने के लिए स्टॉल बुकिंग शुरू, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आयोजित
बीकानेर, 18 अक्टूबर। दीपावली के पावन अवसर पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और छोटे कारोबारियों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से शहर में ‘बीकानेर शॉपिंग मेले’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। लोकराग फाउंडेशन एवं रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स के संयुक्त तत्वावधान में 30 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक रोटरी भवन में आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय मेले के लिए स्टॉल बुकिंग आमंत्रित की गई हैं।


लोकराग फाउंडेशन के अध्यक्ष आनंद आचार्य, सचिव विनय थानवी, कोषाध्यक्ष योगेश खत्री एवं निदेशक नरेश मारु ने संयुक्त रूप से बताया कि ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को प्राथमिकता देते हुए स्थानीय व्यापारियों, महिला उद्यमियों, घरेलू उद्योग संचालकों, हस्तशिल्पियों और नए कारोबारियों को एक ही छत के नीचे ग्राहकों से सीधे जुड़ने का अवसर दिया जा रहा है। मेले में स्थानीय परिधान, हस्तनिर्मित वस्तुएं, ज्वेलरी, गृह सज्जा, पूजन सामग्री, दीपक और पारंपरिक व्यंजनों की स्टॉल सजाई जाएंगी।


खरीदारी के साथ-साथ मेले में सांस्कृतिक व मनोरंजक कार्यक्रमों का भी संगम देखने को मिलेगा। मेले के दौरान ‘रोबिला नाइट्स’ (रोबिला एवं मरवण फैशन वॉक), वेस्टर्न फैशन शो, डांस व सिंगिंग प्रतियोगिताएं, कवि सम्मेलन, चिकित्सक सम्मान समारोह और फूड कोर्ट आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजकों ने शहरवासियों से स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर छोटे उद्यमियों को संबल प्रदान करने की अपील की है।

