योग को जीवनशैली बनाकर स्वस्थ समाज का निर्माण संभव: डॉ. पिंटू नाहटा

योग को जीवनशैली बनाकर स्वस्थ समाज का निर्माण संभव: डॉ. पिंटू नाहटा
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
  • आठ दिवसीय नि:शुल्क योग विज्ञान शिविर का हुआ समापन, पर्यावरण मित्रों का किया गया सम्मान

बीकानेर, 24 मई। “नियमित योग, संतुलित आहार और सकारात्मक जीवनशैली को अपनाकर व्यक्ति लंबे समय तक स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन जी सकता है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मधुमेह, रक्तचाप, मानसिक तनाव और मोटापे जैसी समस्याओं से बचाव के लिए योग ही सबसे प्रभावी माध्यम है।” यह विचार वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पिंटू नाहटा ने व्यक्त किए। वे रविवार को योग प्रशिक्षण एवं प्रचार समिति के तत्वावधान में वरिष्ठ नागरिक भ्रमण पथ पर आयोजित आठ दिवसीय नि:शुल्क योग विज्ञान शिविर के समापन व सम्मान समारोह में बतौर अध्यक्ष संबोधित कर रहे थे।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

डॉ. नाहटा ने योग के वैज्ञानिक पहलुओं को रेखांकित करते हुए कहा कि योग हमारे भीतर के चिकित्सालय को सक्रिय करता है। इससे शरीर में ऐसे सकारात्मक रासायनिक तत्वों का स्राव होता है, जो हृदय रोग, हार्ट अटैक, उच्च रक्तचाप, अधिक कोलेस्ट्रॉल और मोटापे जैसी गंभीर बीमारियों से हमारी रक्षा करते हैं। उन्होंने सभी से योग और प्राणायाम को दैनिक दिनचर्या में अनिवार्य रूप से शामिल करने का आह्वान किया।

pop ronak

प्रधानमंत्री के अभियान से मिली योग और पर्यावरण को ताकत
समारोह के मुख्य अतिथि खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की इस प्राचीन विधा को वैश्विक स्तर पर अद्वितीय पहचान मिली है। संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा 21 जून को ‘विश्व योग दिवस’ के रूप में मान्यता देना हर भारतीय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि योग से उपजी सकारात्मकता व्यक्ति को पारिवारिक और सामाजिक दायित्वों के बेहतर निर्वहन की ऊर्जा देती है। इस दौरान प्रधानमंत्री के वृक्षारोपण अभियान से प्रेरित होकर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शहर के प्रमुख सजग नागरिकों को “पर्यावरण मित्र सम्मान” से नवाजा गया।

योग साधकों और पर्यावरणविदों का हुआ बहुमान
शिविर के सफल संचालन में योगदान देने के लिए योग साधक तेजप्रताप सिंह और श्रीमती दीपा मोडासिया को शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इससे पूर्व शिविर में योग साधक विनोद जोशी और श्रीमती दीपा मोडासिया ने उपस्थित जनों को विभिन्न प्राणायामों, आसनों और सूक्ष्म व्यायामों का सामूहिक अभ्यास करवाया।

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय भूमिका निभाने के लिए मदन मोहन छंगाणी, राजेंद्र सिंह राठौड़, वीर सावरकर पर्यावरण समिति, सीडी सागर, राजेंद्र शर्मा, रघुवीर लुहानिवाल, तिलक राज सुगंध, अजय खत्री, मधु खत्री, घनश्याम जोशी, हरीश बिश्नोई, हरदयाल सिंह, बलविंदर यादव, दिलीप देवड़ा, गणेश सोनी, गोपाल झा और भवानी शंकर सांखला सहित कई पर्यावरण प्रेमियों और कार्यकर्ताओं को मंच से सम्मानित किया गया।

हास्यासन और भारत माता के जयघोष से समापन
विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद भाजपा शहर महामंत्री श्याम सिंह हाडला और भाजपा देहात महामंत्री तोलाराम कूकणा ने भी विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में तोलाराम कूकणा ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और योग साधकों का आभार व्यक्त किया। पूरा परिसर भारत माता के जयघोष और हास्यासन के ठहाकों से गूंज उठा, जिसके साथ आठ दिवसीय शिविर संपन्न हुआ। समिति की ओर से जानकारी दी गई कि नियमित योग कक्षाएं प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से 7:30 बजे तक इस मार्ग पर यथावत जारी रहेंगी।

sesumo school
sjps