पुलिस से बचने के लिए नहर में कूदा बदमाश को थाना टीम ने पानी में उतरकर दबोचा
पुलिस से बचने के लिए नहर में कूदा बदमाश को थाना टीम ने पानी में उतरकर दबोचा, सरसों चोरी मामले में था फरार


अनूपगढ़ शाखा नहर में छलांग लगाकर भागने की कोशिश कर रहा था गज्जू, पुलिस की जांबाजी से चढ़ा हत्थे, , सरसों चोरी मामले में था फरार


खाजूवाला (बीकानेर), 31 मई । बीकानेर जिले के खाजूवाला थाना इलाके में रविवार को फिल्मी अंदाज में एक शातिर अपराधी को पकड़ने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए एक बदमाश ने उफनती नहर में छलांग लगा दी। लेकिन खाजूवाला पुलिस टीम के जांबाज जवानों ने भी बिना वक्त गंवाए तुरंत नहर के पानी में गोता लगा दिया और काफी मशक्कत के बाद तैरकर भाग रहे आरोपी को पानी के बीच ही दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी कृषि उपज मंडी से सरसों चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।


31 मार्च को दर्ज हुआ था चोरी का मामला
खाजूवाला थाना पुलिस के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई खाजूवाला निवासी सुखदेव नारायण कुमावत द्वारा दर्ज करवाई गई एक रिपोर्ट के आधार पर की गई है। सुखदेव ने गत 31 मार्च 2026 को थाने में मामला दर्ज करवाया था कि 28-29 मार्च की दरमियानी रात को कृषि मंडी स्थित उसकी दुकान के बाहर रखे सरसों के तीन कीमती कट्टे अज्ञात चोर चुरा ले गए हैं। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।
जांच में नामजद हुए थे तीन आरोपी
मामले की बारीकी से जांच करते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से वारदात में शामिल तीन शातिर चोरों—अमित विश्नोई, मंगल सिंह और गजेंद्र सिंह उर्फ गज्जू को नामजद किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अमित विश्नोई और मंगल सिंह को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि तीसरा आरोपी गजेंद्र सिंह उर्फ गज्जू पुलिस को लगातार छका रहा था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
विशेष टीम ने दी दबिश, अनूपगढ़ नहर में मचा हड़कंप
थानाधिकारी के निर्देश पर फरार आरोपी गजेंद्र की गिरफ्तारी के लिए सहायक उप निरीक्षक (ASI) मांगीलाल के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। रविवार को टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी इलाके में ही किसी गुप्त ठिकाने पर छुपा हुआ है।
पुलिस टीम ने जैसे ही मुखबिर के बताए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी, तो पुलिस की गाड़ियों को देखकर आरोपी गजेंद्र सिंह सकपका गया। उसने खुद को चारों तरफ से घिरता देख गिरफ्तारी से बचने के लिए पास ही बह रही अनूपगढ़ शाखा नहर में छलांग लगा दी और तैरकर भागने लगा।
पुलिस टीम ने पानी में उतरकर किया काबू, वाहन भी बरामद
आरोपी को नहर में कूदता देख एएसआई मांगीलाल और उनकी टीम के जांबाज जवानों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए तुरंत नहर के गहरे पानी में छलांग लगा दी। पुलिसकर्मियों ने पानी के तेज बहाव के बीच आरोपी का पीछा किया और काफी संघर्ष के बाद उसे पानी के अंदर ही चारों तरफ से जकड़ कर बाहर निकाल लिया।
थाने लाकर जब आरोपी गजेंद्र से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने सरसों चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन (साधन) भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से इलाके की अन्य चोरियों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।


