बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार


- वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान: साइकिल रैली निकाल जल संरक्षण का दिया संदेश
बीकानेर, 31 मई। ‘वंदे गंगा, जल संरक्षण जन अभियान’ के तहत जिला खेल अधिकारी कार्यालय द्वारा रविवार को जल संरक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम के तहत साइकिल रैली आयोजित की गई। रैली सादुल स्पोर्ट्स स्कूल से शुरू होकर डॉ करणी सिंह स्टेडियम पहुंची। इसमें विद्यार्थियों एवं नागरिकों को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया तथा सभी को ‘जल बचाओ, भविष्य बचाओ’ का संकल्प दिलाते हुए शपथ दिलाई गई। जनभागीदारी से जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया गया।


साइकिल रैली को जिला खेल अधिकारी श्री सुरेंद्र कुमार हर्ष और साइक्लिंग कोच श्री राधाकिशन छँगाणी ने हरी झंडी दिखाई। साईकिल रैली में कोच श्री श्रवण भाम्भू, श्री सुरेंद्र कूकना, श्री जेठाराम, श्री दयालाराम, श्री बस्तीराम विश्नोई और सुश्री निशा लिम्बा आदि मौजूद रहे।
======


लोकतंत्र सेनानी और विधिवेत्ता ओम प्रकाश आचार्य की द्वितीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
बीकानेर, 31 मई। विधिवेत्ता और लोकतंत्र सेनानी स्व. श्री ओम प्रकाश आचार्य की द्वितीय पुण्यतिथि पर शनिवार को ओझा सत्संग भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के विद्वजनों ने श्री ओमप्रकाश आचार्य के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों का सच्चा प्रहरी बताया।
मुख्य वक्ता केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि स्व. ओम आचार्य ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।आपातकाल के दौर में लोकतंत्र को बचाने के लिए अनेक लोगों ने संघर्ष किया, जिनमें श्री ओमप्रकाश आचार्य का योगदान भी महत्वपूर्ण रहा। मेघवाल ने कहा कि लोकतंत्र केवल एक शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि नागरिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का आधार है। ऐसे में लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और त्याग को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ओम आचार्य संगठन को गढ़ने वाले लोग थे।
उन्होंने गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत किया। इसके लिए भी उन्हें सदैव याद रखा जाएगा। श्री मेघवाल के काज कि एक सफल विधिवेत्ता होने के साथ उन्होंने सामाजिक सरोकारों को भी हमेशा प्राथमिकता दी। कानून के क्षेत्र में उनकी गहरी समझ और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें विशिष्ट बनाती थी।
मुख्य अतिथि डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि स्व. श्री ओम आचार्य का जीवन सिद्धांतनिष्ठ राजनीति, सामाजिक सेवा और संगठन के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण था। उन्होंने कहा कि आचार्य उन व्यक्तित्वों में थे जिन्होंने अपने विचारों और मूल्यों के आधार पर समाज में विशिष्ट पहचान बनाई। संगठन को मजबूत करने और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
डॉ. पूनिया ने कहा कि वर्तमान दौर में जब राजनीति में मूल्यों और आदर्शों की चर्चा होती है, तब श्री ओम आचार्य जैसे व्यक्तित्व प्रेरणा के स्रोत बनकर सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति अपने पद से नहीं बल्कि अपने कार्यों और विचारों से बड़ा बनता है और आचार्य का जीवन इसका उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए ऐसे व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लें।
कार्यक्रम में विधायक बीकानेर पूर्व विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी, खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, पूर्व विधायक बिहारीलाल बिश्नोई, रमेश इसरानी, लोकेश चतुर्वेदी, श्याम पंचारिया, श्रीमती सुमन छाजेड़, पण्डित जुगल किशोर ओझा पुजारी बाबा व सालासर धाम के पुजारी पण्डित लक्ष्मीनारायण पुजारी सहित अनेक वक्ताओं ने स्वर्गीय ओम आचार्य के व्यक्तित्व एवं समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने स्वर्गीय ओम आचार्य के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। संस्थान मंत्री श्री विजय कुमार आचार्य ने स्वागत उद्बोधन देते हुए आचार्य के जीवन पर प्रकाश डाला तथा सभी अतिथियों परिचय कराया। अंत में संस्थान अध्यक्ष श्रीभगवान अग्रवाल ने अध्यक्षीय उद्बोधन दिया। कार्यक्रम का संचालन बनवारीलाल शर्मा ने तथा आभार श्रीभगवान अग्रवाल ने व्यक्त किया।
ये भी रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व महापौर नारायण चोपड़ा, डॉ सत्य प्रकाश आचार्य, , अखिलेश प्रताप सिंह, मोहन सुराणा, एडवोकेट मुमताज अली भाटी , ज्योतिषाचार्य हरिनारायण व्यास मन्नासा, पंडित राजेन्द्र किराडू, महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार यशपाल आहूजा, संपत पारीक, सहित अनेक लोग मौजूद थे।
======
लूणकरणसर में ‘वंदे गंगा, जल संरक्षण अभियान’ के तहत सफाई एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजि
बीकानेर, 31 मई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेश मे चल रहे ‘वंदे गंगा, जल संरक्षण जन अभियान’ के तहत रविवार को लूणकरणसर नगर पालिका क्षेत्र के गणगौर मैदान में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान कानाराम गोदारा एवं तहसीलदार विनोद कुमार के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया तथा आमजन को स्वच्छता एवं जल संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर आमजन को पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। वक्ताओं ने मंत्री श्री सुमित गोदारा के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए जल संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
अभियान में शिक्षा और वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। वक्ताओं ने जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पौधारोपण को समय की आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक जनभागीदारी का आह्वान किया।
========
विधायक जेठानंद व्यास ने बीकेएसएल, नगर निगम, पीएचइडी और टैक्नोक्राफ्ट के प्रतिनिधियों की ली बैठक
बीकानेर, 31 मई। बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने शनिवार को बीकेएसएल, सीवरेज से जुड़ी कार्यकारी एजेंसी टैक्नोक्राफ्ट, पीएचईडी और नगर निगम के अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली।
उन्होंने पारीक चौक में सीवरेज के कार्य के साथ 33/11 केवी विद्युत लाइन और पेयजल पाइपलाइन को अलग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीवरेज, पेयजल और विद्युत की लाइनें अलग हों। उन्होंने बीकेईएसएल के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्युत की अघोषित कटौती नहीं हो। रखरखाव के लिए कटौती करना आवश्यक हो, तो पहले इसकी सूचना दी जाए। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर बदलने अथवा खराब होने की स्थिति में उसे अविलम्ब दुरूस्त करवाया जाए।
विधायक ने नियंत्रण कक्ष को एक्टिव रखने के निर्देश दिए तथा कहा कि प्रत्येक कॉल का समयबद्ध और नियमसम्मत जवाब दिया जाए। ढीले तारों और क्षतिग्रस्त पोल का सर्वे करवाते हुए इन्हें अविलम्ब दुरूस्त करवाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक क्षेत्र के जवाबदेह अधिकारियों की सूची साझा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग उपभोक्ताओं के बेहतर व्यवहार रखे। साथ ही समय-समय पर विद्युत चौपाल लगाते हुए उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनने तथा उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि शहरी क्षेत्र में बनने वाली सड़क मानक चौड़ाई की हो। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
======
विधायक श्री जेठानंद व्यास ने सुनी प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’
बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने रविवार को गोपेश्वर बस्ती में पूर्व पार्षद श्रीमती राजकुमारी वैद्य के आवास पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 134वें संस्करण सुना। विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से बढ़ती गर्मी के बीच सतर्कता बरतने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि हमारी रसोई में मौजूद पारंपरिक पेय और खान-पान की संस्कृति गर्मी से बचाव का प्रभावी माध्यम हैं। राजस्थान की छाछ जैसे पारंपरिक पेय न केवल शरीर को शीतलता प्रदान करते हैं, बल्कि हमारी समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के भी प्रतीक हैं।
कार्यक्रम में एथलेटिक्स में राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित करने वाले युवा खिलाड़ियों की उपलब्धियों, नीदरलैंड से प्राप्त चोल साम्राज्य के ताम्रपत्रों तथा बच्चों में खगोल विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के प्रयासों सहित अनेक प्रेरणादायी विषयों पर अपने विचार साझा किए। विधायक ने कहा कि ‘मन की बात’ सदैव समाज में सकारात्मक परिवर्तन, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने वाला प्रेरक मंच रहा है। इस दौरान ओम सारस्वत, दीपक पारीक, प्रेम गहलोत, श्रीमती राजकुमारी वैध, चंद्रप्रकाश गहलोत, मुकेश सेन, बजरंग गेदर, करण जोशी कुलवंत सिंह, करण सिंह शिवलाल तेजी, अरुण वैद्य आदि मौजूद रहे।
======
वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान
कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय किसान कार्यशाला व गोष्ठी में प्रगतिशील किसानों से होगी चर्चा
10 नवाचारी कृषकों को दिया जाएगा सम्मान पत्र
बीकानेर 31 मई। वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत 1 जून को कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा जिला, पंचायत व ग्राम स्तर पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कृषि भवन में जिला कलक्टर श्री निशांत जैन व मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे के आतिथ्य में जिला स्तरीय किसान कार्यशाला व गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। गोष्ठी में 100 से अधिक प्रगतिशील किसान विभिन्न तकनीकी सत्रों में कृषि वैज्ञानिक किसानों से जल संरक्षण व उन्नत कृषि एवं उद्यानिकी तकनीकी पर चर्चा करेंगे।
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि इस दौरान जल संरक्षण व समुचित उपयोग की थीम पर सूक्ष्म सिंचाई प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। जिसमें बूंद बूंद सिंचाई, मिनी स्प्रिंकलर व फव्वारा से संबंधित घटकों का प्रर्दशन किया जाएगा।
संयुक्त निदेशक कृषि मदनलाल ने बताया कि कृषि एवं उद्यानिकी कार्यालय स्तर से स्प्रिंकलर, ड्रिप, फार्म पौण्ड, पाईप लाईन की अधिकाधिक स्वीकृतियां जारी की जाएगी तथा वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जिला स्तरीय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजन के साथ कृषि एवं उद्यानिकी विभाग सहायक निदेशक कृषि बीकानेर, श्रीडूंगरगढ़, नोखा, छत्तरगढ़ व जिला विस्तार अधिकारी सि. क्षे. वि. बज्जू द्वारा पंचायत समिति स्तर पर सहायक कृषि अधिकारी-कृषि पर्यवेक्षक कृषि व उद्यान द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वन्दे गंगा के तहत आयोजित कार्यक्रम में कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा प्राकृतिक, जैविक, प्रीसीजन खेती, सूक्ष्म सिंचाई पद्धति पर कार्यशाला एवं प्रदर्शनी, स्वीकृत कार्यों का अवलोकन / लोकार्पण एवं नवीन कार्यों की स्वीकृतियां जारी करना, हरियालो राजस्थान अंतर्गत पौधारोपण कार्यों की अग्रिम तैयारी, कम्पोस्टिंग तकनीक का प्रचार-प्रसार, लघु सिंचाई संयत्रों की प्रदर्शनी प्रगतिशील कृषकों से चर्चा, किसान चौपाल, कृषि विज्ञान केन्द्र पर संगोष्ठी एवं कृषि शिक्षा कार्यशाला, डिग्गियों की साफ-सफाई, उत्कृष्ट कृषकों का सम्मान कृषि एवं उद्यानिकी तकनीकी व सोलर पम्प क्षेत्र में, सरोवर व जल संरक्षण संरचनाओं पर जल प्रार्थना व वन्दे गंगा शपथ कार्यक्रमों का आयोजन कार्रवाई जाएंगे।
=====
शहीद श्री गजराज सिंह यादव की प्रतिमा का अनावरण 2 जून को
बीकानेर, 31 मई। सीआरपीएफ के शहीद हवलदार गजराज सिंह यादव की प्रतिमा का अनावरण 2 जून को सायं 5 बजे उदयरामसर के मुख्य बाजार में किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक एड. नरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि कार्यक्रम में बीकानेर (पूर्व) विधानसभा क्षेत्र विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास और नोखा विधायक श्रीमती सुशीला डूडी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीआरपीएफ के उप महानिरीक्षक लालचंद यादव करेंगे।


