बीकानेर निवासी जैन परिवार को बैकुंठपुर में सुरक्षा देने की मांग: जैन महासभा, बीकानेर ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
जैन महासभा, बीकानेर ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन


बीकानेर, 21 जुलाई । छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर (जिला कोरिया) में वर्षों से निवासरत बीकानेर (गंगाशहर) मूल के जैन अल्पसंख्यक परिवार को सुरक्षा प्रदान करने तथा उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के संबंध में जैन महासभा बीकानेर ने गहरा रोष व्यक्त किया है। मंगलवार, 21 जुलाई 2026 को संस्था ने बीकानेर जिला कलेक्टर के माध्यम से छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसकी प्रतियां कोरिया जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी प्रेषित की गई हैं।


ज्ञापन के अनुसार, गंगाशहर (बीकानेर) का मूल निवासी बैद , जैन परिवार विगत कई वर्षों से बैकुंठपुर में रहकर व्यापार, उद्योग और सामाजिक सेवाओं के माध्यम से क्षेत्र के विकास में निरंतर योगदान दे रहा है। पिछले कुछ समय से कुछ असामाजिक और उपद्रवी तत्वों द्वारा झूठे आरोपों, अनावश्यक विवाद खड़ा करने और भीड़ एकत्र कर भय का माहौल बनाकर इस परिवार को सामाजिक व आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। इन घटनाओं से जिला कोरिया के संपूर्ण जैन अल्पसंख्यक समाज और स्थानीय व्यापारी वर्ग में गहरी असुरक्षा व चिंता का माहौल व्याप्त है। परिवार के IC माल को बंद करवा दिया गया है।


जैन महासभा बीकानेर ने बैकुंठपुर सिटी कोतवाली में दर्ज प्राथमिकी (FIR संख्या 214/2026, दिनांक 9 जुलाई 2026) का हवाला देते हुए मांग की है कि किसी भी झूठी, दुर्भावनापूर्ण या दबाव में कराई गई शिकायत की निष्पक्ष व विधिसम्मत जांच करवाई जाए। महासभा ने प्रशासन से मांग की है कि बैकुंठपुर ( कोरिया ) में निवासरत जैन परिवारों की सुरक्षा हेतु पर्याप्त पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व माहौल खराब न कर सके।
महासभा के पदाधिकारियों ने जोर देकर कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को जीवन, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और व्यापार करने का अधिकार देता है। अतः भीड़ एकत्र कर भय फैलाने और किसी विशेष समुदाय को लक्षित कर प्रताड़ित करने वाले उपद्रवियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। महासभा ने विश्वास जताया है कि छत्तीसगढ़ शासन और कोरिया जिला प्रशासन निष्पक्षता व संवेदनशीलता से काम करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएगा।
जिलाधीश महोदय ने ज्ञापन कि सभी बातों को ध्यान से सुना व उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जैन महासभा बीकानेर के अध्यक्ष जैन कन्हैयालाल बोथरा, महामंत्री जैन जतनलाल संचेती, शहर भाजपा अध्यक्ष श्रीमती सुमन छाजेड़, जैन महासभा उपाध्यक्ष जैन संजय सांड, जैन अमरचंद सोनी, जैन नवरतन बोथरा, जैन पवन छाजेड़, जैन डालचंद भुरा, जैन सुशील बैद,जैन सुरेश बच्छावत,जैन बच्छराज नाहटा, जैन मोतीलाल ललवाणी, जैन विनीत बोथरा आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
=======


