बीकानेर में सजेगी विशाल साइकिल रैली, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल करेंगे शिरकत
बीकानेर में सजेगी विशाल साइकिल रैली, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल करेंगे शिरकत



बीकानेर, 6 जून। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के तत्वावधान में विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में रविवार, 7 जून को प्रातः 6 बजे जिला मुख्यालय पर एक विशाल साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के अंतर्गत आयोजित होने वाली इस रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वस्थ जीवन शैली, पर्यावरण संरक्षण और शारीरिक तंदुरुस्ती (फिटनेस) के प्रति जागरूक करना है। इस भव्य आयोजन के मुख्य अतिथि केंद्रीय विधि एवं न्याय व संसदीय कार्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल होंगे।


जिला खेल अधिकारी सुरेन्द्र हर्ष ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। रैली में स्थानीय साइकिल चालकों, युवाओं और विद्यार्थियों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार, बीकानेर जिले के पुलिस अधिकारियों और जवानों की भी इस रैली में विशेष भागीदारी सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन ने नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा, बीकानेर विकास प्राधिकरण, जिला परिषद और उद्योग सहित विभिन्न विभागों को सहभागिता के विशेष लक्ष्य सौंपे हैं।


जिला साइकिलिंग संघ के सचिव सुरेन्द्र कुकणा ने रैली के रूट की जानकारी देते हुए बताया कि साइकिल रैली का शुभारंभ पब्लिक पार्क स्थित गंगा थिएटर से होगा। इसके बाद प्रतिभागी निर्धारित मार्ग के अनुसार जूनागढ़ फोर्ट, तीर्थम चौक, डॉ. करणी सिंह स्टेडियम, वीर दुर्गादास सर्किल, म्यूजियम सर्किल, मेजर पूर्ण सिंह सर्किल, भ्रमण पथ, गांधी पार्क और विजय कीर्ति स्तंभ से होते हुए पुनः गंगा थिएटर पहुंचकर रैली का समापन करेंगे।
आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि प्रतिभागियों को एक सुरक्षित और उत्साहजनक माहौल मिल सके। जिला प्रशासन और आयोजक मंडल ने बीकानेर के प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की है कि वे रविवार सुबह अधिक से अधिक संख्या में अपनी साइकिलों के साथ इस रैली का हिस्सा बनें और “फिट इंडिया, स्वस्थ भारत” के इस राष्ट्रीय संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अपना योगदान दें।


