अब मंगलवार और गुरुवार को भी उड़ेगी जयपुर की फ्लाइट, किराया मात्र ₹1600
अब मंगलवार और गुरुवार को भी उड़ेगी जयपुर की फ्लाइट, किराया मात्र ₹1600



बीकानेर, 20 जून। बीकानेर से जयपुर के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के सतत प्रयासों के चलते एलाइंस एयर ने इस रूट पर हवाई सेवा का विस्तार किया है। अब बीकानेर-जयपुर हवाई सेवा सप्ताह में दो दिन—मंगलवार और गुरुवार को संचालित की जाएगी। इस सौगात के लिए बीकानेर जिला उद्योग संघ ने केंद्रीय मंत्री का आभार जताया है। इस हवाई सेवा की सबसे खास बात यह है कि इसका शुरुआती किराया मात्र ₹1600 रखा गया है, जिससे आम नागरिकों को भी किफायती हवाई यात्रा का लाभ मिल सकेगा।


बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, उपाध्यक्ष नरेश मित्तल, अशोक सुराणा, सचिव वीरेंद्र किराडू, कोषाध्यक्ष पारस डागा और संयुक्त सचिव श्यामसुन्दर सोनी ने केंद्रीय मंत्री मेघवाल का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस विस्तार से बीकानेर के व्यापार, उद्योग जगत और आम जनता को बहुत बड़ा लाभ मिलेगा। संघ लंबे समय से बीकानेर में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए प्रयासरत है और उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में बीकानेर को देश के अन्य बड़े महानगरों से जोड़ने वाली हवाई सेवाएं भी जल्द शुरू होंगी।


उड़ानों की समय-सारणी (हवाई शेड्यूल)
मंगलवार: यह फ्लाइट जयपुर से दोपहर 1:55 बजे रवाना होकर दोपहर 3:10 बजे बीकानेर पहुंचेगी। वापसी में बीकानेर से दोपहर 3:40 बजे उड़ान भरकर शाम 4:55 बजे जयपुर पहुंचेगी।
गुरुवार: यह फ्लाइट जयपुर से सुबह 9:20 बजे उड़ान भरकर सुबह 10:35 बजे बीकानेर पहुंचेगी। वहीं, वापसी में सुबह 11:00 बजे बीकानेर से रवाना होकर दोपहर 12:15 बजे जयपुर पहुंचेगी।


