पवनपुरी स्कूल में कन्या पूजन और बटुक भोज का आयोजन
पवनपुरी स्कूल में कन्या पूजन और बटुक भोज का आयोजन

- 81 कन्याओं व 24 बटुकों को भेंट की शिक्षण सामग्रियां
बीकानेर, 16 अक्टूबर । भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नारी सम्मान के प्रति विद्यार्थियों में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पवनपुरी दक्षिण विस्तार, बीकानेर में कन्या पूजन कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष आयोजन के दौरान विद्यालय में 81 कन्याओं एवं 24 बटुकों का विधिवत पूजन किया गया तथा उन्हें खीर का प्रसाद वितरित करने के साथ-साथ कॉपी, पेन, कलर स्केच, कटर और पेंसिल जैसी उपयोगी शिक्षण सामग्रियां भेंट की गईं।


भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जुड़ाव जरूरी-प्राचार्य किरण पंचारिया


विद्यालय की प्राचार्या किरण पंचारिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्याओं का सम्मान हमारी समृद्ध परंपरा का अभिन्न अंग है। विद्यालयों में इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का प्रत्यक्ष अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार, मानवीय संवेदनाएं और समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना भी है। ऐसे आयोजन बालिकाओं के प्रति सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करते हैं।
सेवा, समर्पण और सामाजिक सद्भाव का संदेश-रवि आचार्य
कार्यक्रम के आयोजन प्रभारी रवि आचार्य ने बताया कि विद्यालय में इस तरह के आयोजन भारतीय संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण की भावना के साथ किए जाते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें सेवा, समर्पण, सामाजिक सद्भाव और नारी सम्मान के संस्कार विकसित करना है।
शिक्षकों और गणमान्यजनों की सक्रिय सहभागिता
विद्यालय की सांस्कृतिक प्रभारी मुक्ता तैलंग ने शिक्षण सामग्रियां भेंट करने की इस पहल पर प्रकाश डाला। वहीं, प्राचार्य रचना गुप्ता ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि शिक्षा तभी सार्थक होती है जब वह बच्चों के भीतर नैतिकता और संवेदना के दीप जलाए। समाज सेविका श्रीमती रामा मोदी ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे संस्कारों से बच्चे भविष्य में समाज में नारी सम्मान के सच्चे ध्वजवाहक बनते हैं।
इस अवसर पर मोहम्मद रमजान, सविता राव, संतोष पुनिया, किरण कंवर, पुष्पा जांगिड़, बसंत कुमारी, मंजू धवल, रामकुमार कासनियां, अंजू, वनीश मेहता सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

