निगम चुनाव में पंचायत टास्क फोर्स के जरिए अधिकतम युवाओं को मिलेगी टिकट
निगम चुनाव में पंचायत टास्क फोर्स के जरिए अधिकतम युवाओं को मिलेगी टिकट


बीकानेर ,23 अगस्त । बीकानेर नगर निगम चुनाव के मद्देनजर शहर कांग्रेस कार्यालय में युवा कांग्रेस की ओर से एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इसमें यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक एवं संभाग प्रभारी ने हिस्सा लेकर निकाय चुनावों में युवाओं की अधिकतम भागीदारी और नेतृत्व सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया।


पढ़े-लिखे और सक्रिय युवाओं को मुख्यधारा में लाने का लक्ष्य


प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संयोजक विपिन पुनिया ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ‘पंचायत टास्क फोर्स’ कार्यक्रम के तहत निकाय और पंचायत चुनावों में अधिक से अधिक युवाओं को आगे लाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीकानेर निगम चुनाव में भी वार्ड स्तर पर जो युवा सक्रिय, शिक्षित, सर्वमान्य और कांग्रेस की रीति-नीति से जुड़े हैं, उन्हें टिकट देकर जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके लिए विशेष सर्वे टीम कार्य कर रही है, जो अपनी रिपोर्ट प्रदेश व राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपेगी।
जिताऊ और टिकाऊ युवाओं पर रहेगा जोर
संभाग प्रभारी अशोक कुलड़िया ने कहा कि युवा ही देश का भविष्य संवार सकते हैं, इसलिए उन्हें मुख्यधारा में अवसर देना प्राथमिकता है।
शहर जिलाध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल और देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी का प्रयास रहेगा कि जिताऊ और टिकाऊ युवाओं को अधिक से अधिक टिकट मिले। चुनाव में उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन द्वारा विशेष सहयोग टीमें भी बनाई जाएंगी। इस दौरान नेता अरुण व्यास ने दोनों प्रभारियों को बीकानेर के वार्डों की स्थिति से अवगत कराया।
चुनाव व मतदाता संबंधी जानकारी
बीकानेर निकाय चुनाव से जुड़ी वोटर लिस्ट, वार्ड स्थिति और अपनी मतदाता सूची की जांच के लिए आप राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग (SEC Rajasthan Portal) या मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान पोर्टल पर विजिट कर सकते हैं। मतदाता पहचान पत्र व पंजीकरण संबंधी अन्य सुविधाओं के लिए भारत निर्वाचन आयोग (ECI Citizen Portal) की मदद ली जा सकती है।
