बीकानेर के मंदिरों में नवरात्र की धूम: खतुरिया कॉलोनी के मन मंदिर में कीर्तन व डांडिया नृत्य, तो जस्सूसर गेट स्थित दुर्गा मंदिर में सजा भव्य दरबार
बीकानेर के मंदिरों में नवरात्र की धूम: खतुरिया कॉलोनी के मन मंदिर में कीर्तन व डांडिया नृत्य, तो जस्सूसर गेट स्थित दुर्गा मंदिर में सजा भव्य दरबार

बीकानेर, 18 अक्टूबर। शहर के विभिन्न मंदिरों में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची हुई है। खतुरिया कॉलोनी स्थित मन मंदिर और जस्सूसर गेट के बाहर स्थित दुर्गा माता मंदिर में विशेष आयोजनों के तहत श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


खतुरिया कॉलोनी के ए-95 स्थित मन मंदिर देवी मंदिर में नवरात्र के दौरान प्रतिदिन दुर्गा सप्तशती का पाठ, मनमोहक श्रृंगार और अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार रात मंदिर परिसर में विशेष कीर्तन और भक्ति गीतों के साथ डांडिया नृत्य का आयोजन हुआ। मंदिर के संस्थापक सुरेश गुप्ता ने बताया कि तरुण सेवग के नेतृत्व में चल रहे इन धार्मिक अनुष्ठानों का समापन सोमवार को दुर्गा नवमी के दिन होगा। गरबा और डांडिया नृत्य का नेतृत्व रेखा गुप्ता एवं उनकी पार्टी ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।


वहीं, जस्सूसर गेट के बाहर मोहता परिवार कोलकाता द्वारा निर्मित दुर्गा माता मंदिर में दुर्गाष्टमी के पावन पर्व पर रविवार को विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस दौरान देवी मां का आकर्षक श्रृंगार किया गया तथा भव्य भोग और आरती का आयोजन हुआ। मंदिर के संस्थापक प्रकाश मोहता ने बताया कि आरती में उन्होंने अपनी पुत्री प्रतिभा खेतान और व्यवस्था सहयोगी मधुसूदन अग्रवाल के साथ सपत्नीक भाग लिया। नवरात्र के इन विशेष आयोजनों के तहत दुर्गा सप्तशती पाठ और देवी स्तुति के कार्यक्रमों का समापन भी महानवमी पर होगा।

