रोहित गोदारा गैंग ने बीकानेर के ज्वेलर से मांगी 5 करोड़ की फिरौती, नयाशहर थाने में मामला दर्ज
रोहित गोदारा गैंग ने बीकानेर के ज्वेलर से मांगी 5 करोड़ की फिरौती; नयाशहर थाने में मामला दर्ज



बीकानेर, 28 सितम्बर। बीकानेर में रंगदारी और फिरौती मांगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के नाम से शहर के एक प्रमुख ज्वेलर से 5 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फिरौती मांगी गई है। पीड़ित ज्वेलर जुगल नारायण सोनी की शिकायत पर नयाशहर थाना पुलिस ने रविवार को रोहित गोदारा और उसके गुर्गे वीरेंद्र चारण के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


ज्वेलर जुगल नारायण सोनी के अनुसार, 26 सितंबर की शाम उनके व्हाट्सएप पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर (जिसकी प्रोफाइल आईडी ‘जय बाबेरी’ के नाम से थी) से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद की पहचान वीरेंद्र चारण के रूप में बताई और 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। कॉल के तुरंत बाद आरोपी ने 57 सेकंड का एक वॉइस मैसेज भी भेजा, जिसमें उसने संगठित गैंग चलाने और वसूली करने की बात कहते हुए फिरौती न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।


नयाशहर थानाधिकारी सुरजीत कुमार ने बताया कि रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण के खिलाफ बीकानेर सहित राजस्थान के कई थानों में रंगदारी और फिरौती के दर्जनों मामले दर्ज हैं। पुलिस पूरे मामले की तकनीकी जांच में जुटी है।
हाल ही में गोदारा के मकान पर चला था रहस्यमयी बुलडोजर
गौरतलब है कि हाल ही में अमेरिका में एफबीआई (FBI) द्वारा दाखिल चार्जशीट में नाम आने के कुछ ही दिनों बाद बीकानेर के लूणकरणसर क्षेत्र स्थित तेजाणा ढाणी में रोहित गोदारा के दो मंजिला मकान को रात के अंधेरे में जेसीबी से ढहा दिया गया था। इस कार्रवाई को किसने अंजाम दिया, इस पर अब भी रहस्य बना हुआ है, क्योंकि न तो पुलिस-प्रशासन ने इसकी जिम्मेदारी ली है और न ही किसी विरोधी गैंग ने। रोहित गोदारा के माता-पिता भी हाल ही में फिरौती से जुड़े एक मामले में बदमाशों को आर्थिक मदद पहुंचाने के आरोप में जेल में बंद हैं।
