सड़क दुर्घटनाओं से गौवंश की सुरक्षा के लिए रोटरी रॉयल्स व और राजुवास की अभिनव पहल
सड़क दुर्घटनाओं से गौवंश की सुरक्षा के लिए रोटरी रॉयल्स व और राजुवास की अभिनव पहल

- रात में दृश्यता बढ़ाने के लिए शुरू हुआ रिफ्लेक्टिव बेल्ट अभियान
बीकानेर। 12 अक्टूबर । रात के समय राजमार्गों पर विचरण करने वाले गौवंश की कम दृश्यता के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और पशुओं तथा वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स ने एक अभिनव पहल की है। क्लब द्वारा बीकानेर में गौवंश के लिए ‘रिफ्लेक्टिव रेडियम बेल्ट अभियान’ की शुरुआत की गई है। इस सामाजिक पहल में राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजुवास), बीकानेर के प्रोफेसर रोटे डॉ. आर.के. धुरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।


कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने किया अभियान का शुभारंभ


अभियान का औपचारिक शुभारंभ राजुवास के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने एक गाय के गले में रिफ्लेक्टिव बेल्ट पहनाकर और अभियान दल को हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर कुलगुरु डॉ. व्यास ने कहा कि रात के अंधेरे में सड़क पर मौजूद गौवंश दिखाई न देने से गंभीर हादसे होते हैं। रिफ्लेक्टिव बेल्ट पर वाहनों की हेडलाइट पड़ते ही प्रकाश परावर्तित होगा, जिससे चालकों को दूर से ही पशु की मौजूदगी का अहसास हो जाएगा। उन्होंने इस जनकल्याणकारी कार्य में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की भी सराहना की।
पहले ही दिन 50 से अधिक गौवंश को पहनाए गए बेल्ट
अभियान संयोजक डॉ. धुरिया के नेतृत्व में राजुवास के विद्यार्थियों और रोटरी रॉयल्स के सदस्यों की टीम ने बीकानेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौरंगदेसर तक पहुँचकर पहले ही दिन 50 से अधिक गायों को सुरक्षा रेडियम बेल्ट पहनाए। रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स के अध्यक्ष इंजी. विपिन लड्ढा ने बताया कि यह अभियान एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है, जिसके तहत आने वाले दिनों में बीकानेर से जुड़ने वाले सभी प्रमुख राजमार्गों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) में आवारा गौवंश को बेल्ट पहनाए जाएँगे।
इस अवसर पर क्लब के कोषाध्यक्ष राजेश खत्री, रोटे राजेश पारीक, बीकानेर फ्रूट वेजिटेबल मर्चेंट्स एंड कमीशन एजेंट्स सोसाइटी के अध्यक्ष रोटे मुकुल झांब सहित रोटरी सदस्य और राजुवास के अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे।

