बीकानेर में वीआईपी दौरे के बीच चोरियों की बाढ़

बीकानेर में वीआईपी दौरे के बीच चोरियों की बाढ़
STBA 5 JUNE 2026
quicjZaps 15 sept 2025
  • तीन दिन में तीन मोटरसाइकिलें पार, जेएनवीसी थाना क्षेत्र में वाहन चोर सक्रिय
  • मीडियाकर्मी शिव कुमार सोनी की मोटरसाइकिल चोरी, सीसीटीवी (CCTV) में कैद हुई चोर की करतूत

बीकानेर, 27 मई। बीकानेर में पिछले दो दिनों से केंद्रीय गृहमंत्री, मुख्यमंत्री सहित कई कबीना मंत्रियों और उच्च प्रशासनिक अधिकारियों के दौरों के चलते स्थानीय पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त रहा। इसी वीआईपी व्यस्तता का फायदा उठाकर शहर में वाहन चोर गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। जयनारायण व्यास कॉलोनी (JNV Colony) थाना क्षेत्र में चोरों ने आतंक मचा रखा है, जहाँ पिछले तीन दिनों में लगातार प्रतिदिन एक ‘हीरो होंडा स्प्लेंडर’ मोटरसाइकिल चोरी होने की वारदात सामने आई है।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

केस 1: मीडियाकर्मी की बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर
ताजा मामला मंगलवार शाम का है। पीबीएम अस्पताल के बाल एवं शिशु रोग चिकित्सालय (बच्चा अस्पताल) के पीछे आदर्श कॉलोनी स्थित विद्युत निगम केंद्र और गुप्ता एजेंसी के बीच मीडियाकर्मी शिव कुमार सोनी की काले रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल खड़ी थी। शाम करीब 7:30 बजे एक अज्ञात चोर ने बाइक का हैंडल लॉक तोड़ा और तारों को डायरेक्ट कर वाहन लेकर रफूचक्कर हो गया।

pop ronak

वाहन का विवरण: काले रंग की स्प्लेंडर, जिसका नंबर RJ-07-SP-6689 है। बाइक के पीछे ‘भवेश’ और समाचार पत्र (अखबार) का नाम लिखा हुआ है।

फुटेज आया सामने: चोरी की यह पूरी वारदात पास ही स्थित श्रीराम ऑप्टिकल और गुप्ता एजेंसी के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर ने वारदात से पहले बाइक की रेकी की, कुछ देर वहां खड़ा रहा और फिर मौका पाकर बाइक पार कर दी। हुलिए से चोर बीकानेर के बाहर की किसी गैंग का सदस्य प्रतीत हो रहा है।

केस 2 & 3: सुपर स्पेशलिटी सेंटर और मेडिकल कॉलेज क्षेत्र से बाइक पार

इससे पहले सोमवार तड़के ही चोरों ने सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध सुपर स्पेशलिटी सेंटर को निशाना बनाया। वहां कार्यरत रेडियोग्राफर गोविंद बिश्नोई रात की ड्यूटी पर थे। उन्होंने अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (RJ-54-SA-0291) को एमआरआई (MRI) सेंटर के पास पार्क किया था। सुबह ड्यूटी खत्म होने के बाद जब वे बाहर आए तो मोटरसाइकिल गायब थी। इसी तरह इसी क्षेत्र से एक और मोटरसाइकिल चोरी होने की खबर है, जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों और स्टाफ में भारी आक्रोश है।

पुलिस के चक्कर काट रहे पीड़ित, बाहरी गैंग की आशंका

जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना प्रभारी विक्रम तिवारी के निर्देश पर बुधवार को पुलिस टीम ने अभय कमांड सेंटर और घटनास्थलों के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। हालांकि, अभी तक पुलिस के हाथ कोई पुख्ता सुराग नहीं लगा है। वाहन मालिक खुद भी शहर के अलग-अलग चौराहों और सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रहे हैं और पुलिस थानों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सार्थक परिणाम सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *