गंगाशहर: भट्टड़ स्कूल में 24 अप्रैल को मनेगा “प्रतिभा प्रोत्साहन समारोह”, उत्कृष्ट विद्यार्थी होंगे सम्मानित
गंगाशहर: भट्टड़ स्कूल में 24 अप्रैल को मनेगा "प्रतिभा प्रोत्साहन समारोह


बीकानेर/गंगाशहर, 21 अप्रैल। गंगाशहर नागरिक परिषद् के तत्वावधान में आगामी 24 अप्रैल, शुक्रवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भट्टड़ में “प्रतिभा प्रोत्साहन समारोह” का भव्य आयोजन किया जाएगा। दोपहर 11:30 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में नए सत्र में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का स्वागत करने के साथ-साथ गत सत्र की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा।


गंगाशहर समिति के संयोजक जतनलाल दूगड़ ने जानकारी दी कि समारोह में राजस्थान बोर्ड 2025 की पांचवीं, आठवीं, सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं में हिंदी व अंग्रेजी दोनों माध्यमों में शाला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। परिषद् के वरिष्ठ सदस्य सम्पतलाल दूगड़ ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ कक्षा पहली से ग्यारहवीं तक की स्थानीय परीक्षाओं में भी अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी परिषद द्वारा प्रोत्साहित किए जाएंगे।


कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात समाजसेवी हनुमानमल गहलोत करेंगे। शाला प्राचार्य सविता गुप्ता एवं अंग्रेजी माध्यम के प्राचार्य सुरेंद्र कुमार सोलंकी ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना और भविष्य के लिए उत्साह जगाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों और शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
इस समारोह के सफल आयोजन हेतु शाला के पूर्व विद्यार्थी किरणचन्द लूणावत ने अपना सौजन्य प्रदान किया है। व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए गंगाशहर नागरिक परिषद् के बच्छराज रांका, महेन्द्र चोपड़ा, पानमल मारू और शाला के रमेश वर्मा सहित कई कार्यकर्ता सक्रियता से जुटे हुए हैं।
