बीकानेर में भीषण गर्मी के तेवर: हीटवेव की चेतावनी के बीच 43 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
बीकानेर में भीषण गर्मी के तेवर: हीटवेव की चेतावनी के बीच 43 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा


बीकानेर, 21 अप्रैल । राजस्थान के बीकानेर जिले में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बीते 24 घंटों के दौरान शहर के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीकानेर का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। इसी तरह न्यूनतम तापमान भी 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। भीषण गर्मी का प्रभाव जल स्रोतों पर भी दिखने लगा है और जिले के अधिकांश तालाब सूखकर मैदान में तब्दील हो गए हैं।


मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में शहर में ‘हीटवेव’ (लू) चलने की आशंका जताई है। पूर्वानुमान के मुताबिक, आगामी दिनों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर ही बना रहेगा। विशेष रूप से 23 अप्रैल को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। हालांकि इसके बाद मामूली गिरावट की संभावना है, लेकिन तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से नीचे आने की उम्मीद कम ही नजर आ रही है। सुबह 10 बजे से ही धूप की तपिश इतनी तेज हो जाती है कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है, जिसके कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है।


गर्मी की इस विकट स्थिति को देखते हुए स्थानीय संगठनों ने आमजन के लिए राहत की मांग उठाई है। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी एवं उनके प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मुलाकात कर रेलवे क्रॉसिंग जैसे सार्वजनिक स्थानों पर छाया की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। व्यापार मंडल का कहना है कि रेलवे क्रॉसिंग बंद होने की स्थिति में राहगीरों को अक्सर 15 से 20 मिनट तक बिना किसी शेड के सीधी धूप में खड़ा रहना पड़ता है, जिससे लू लगने का खतरा बना रहता है। फिलहाल, मौसम के मिजाज को देखते हुए आने वाले कुछ दिनों तक राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं।
