नेशनल हेराल्ड मामले में मोदी सरकार की साजिश नाकाम, दुष्प्रचार ध्वस्त हुआ- कांग्रेस
नेशनल हेराल्ड मामले में मोदी सरकार की साजिश नाकाम, दुष्प्रचार ध्वस्त हुआ- कांग्रेस


नयी दिल्ली, 16 दिसंबर । कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को ‘नेशनल हेराल्ड’ मामले में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पांच अन्य के खिलाफ धन शोधन को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के आरोप पत्र पर संज्ञान लेने से दिल्ली की एक अदालत द्वारा इनकार किए जाने को “सत्य की जीत” करार दिया है। कांग्रेस ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की “गैरकानूनी कार्रवाई” और “साजिश” नाकाम हो गई है, तथा उनका दुष्प्रचार ध्वस्त हो गया है।


कोर्ट ने ईडी के आरोपपत्र पर संज्ञान लेने से किया इनकार
दिल्ली की एक अदालत ने इस मामले में कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी, सोनिया गांधी और पांच अन्य के खिलाफ ईडी के धन शोधन मामले में दाखिल आरोपपत्र पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया। विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने अपने आदेश में कहा कि ईडी का आरोपपत्र एक निजी व्यक्ति की शिकायत पर की गई जांच पर आधारित है, न कि किसी मूल अपराध से संबंधित प्राथमिकी पर। न्यायाधीश ने कहा कि कानून के तहत इस पर संज्ञान लेना स्वीकार्य नहीं है।


प्रमुख कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रिया
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “जब नेशनल हेराल्ड, कांग्रेस पार्टी और हमारे नेताओं को बदनाम करने के लिए झूठे आरोप लगाए गए, तब भी मैंने यही कहा था कि हम अंग्रेजों से नहीं डरे तो भाजपा-आरएसएस या मोदी-शाह क्या चीज़ हैं। आज अदालत ने भी मोदी सरकार की कार्रवाई को अवैध ठहराकर राजनीतिक बदले की दुर्भावना से रची इस साज़िश को नाकाम किया है।” उन्होंने ‘सत्य की जीत निश्चित’ होने की बात कही।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, “हमने बार-बार कहा है कि सत्य की जीत होगी। ‘नेशनल हेराल्ड’ मामले में कुछ नहीं है, यही सच है।” उन्होंने दावा किया कि यह केस घसीटा जा रहा है, जबकि कंपनी से कोई पैसे निकाल या उसका इस्तेमाल नहीं कर सकता है।
कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने इसे ‘गैंग्स ऑफ गांधीनगर’ द्वारा सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग की पोल खुलने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष और राहुल गांधी लोकतंत्र की रक्षा का काम मजबूती से निभा रहे हैं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता अभिषेक सिंघवी ने ‘एक्स’ पर लिखा कि यह अब तक का सबसे अजीब मामला था, जिसमें पैसे का बिल्कुल भी लेन-देन नहीं हुआ और अचल संपत्ति में एक इंच भी बदलाव नहीं हुआ, फिर भी भाजपा ‘कथित धनशोधन’ को लेकर हंगामा कर रही थी।
ईडी अपील दायर करेगी
अदालत के इस फैसले के बाद, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कहा है कि वह अदालत के आदेश के खिलाफ अपील दायर करेगा।
================
