पवनपुरी में आध्यात्मिक चेतना का शंखनाद, हनुमान चालीसा पाठ के साथ लिया प्लास्टिक मुक्त शहर का संकल्प
हनुमान चालीसा पाठ के साथ लिया प्लास्टिक मुक्त शहर का संकल्प



बीकानेर , 7 फ़रवरी । पवनपुरी साउथ स्थित आरएलजी बालिका सशक्तिकरण संस्थान में शनिवार को मानव चेतना जागृति प्रन्यास के तत्वावधान में भव्य हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को अध्यात्म से जोड़कर समाज को व्यसन और प्रदूषण मुक्त बनाना रहा।


कार्यक्रम का शुभारंभ सुधा आचार्य द्वारा किए गए ओजस्वी शंखनाद के साथ हुआ। इसके पश्चात आचार्य राजेंद्र जी जोशी के नेतृत्व में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। नवरत्न जोशी ने तबले पर सुमधुर संगत देकर भक्तिमय वातावरण को और अधिक प्रभावी बना दिया।


अध्यात्म से स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश
संस्थान की अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. अर्पिता गुप्ता ने बताया कि आचार्य राजेंद्र जी जोशी के मार्गदर्शन में यह अभियान पूरे शहर को स्वच्छ, हिंसा मुक्त, अपराध मुक्त और नशा मुक्त बनाने के लिए चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान केवल पूजा-अर्चना ही नहीं की गई, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए सभी उपस्थित लोगों को ‘प्लास्टिक मुक्त बीकानेर’ बनाने की शपथ भी दिलाई गई।
आचार्य राजेंद्र ने अपने संबोधन में हनुमान चालीसा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “यदि प्रतिदिन विधि-विधान और पूर्ण श्रद्धा के साथ 21 हनुमान चालीसा पाठ किए जाएं, तो इसका फल शिवरात्रि की पूजा के समान पुण्यकारी हो सकता है। जीवन में अनुशासन और भक्ति का समावेश अत्यंत आवश्यक है।”
पर्यावरण संरक्षण की पहल: वितरित किए कपड़े के थैले
आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश घर-घर पहुँचाने के लिए कार्यक्रम के अंत में सभी को कपड़े के थैले वितरित किए गए। इसके साथ ही हनुमान चालीसा की प्रतियां, कैलेंडर और प्रसाद का वितरण भी किया गया।
सहभागिता: इस आयोजन में ज्योति वर्मा, मंजू शर्मा, स्नेहा पारेख, नीति शर्मा, कौशलेश गोस्वामी, अनुपमा, सुनीता, निशा जैन सहित अनेक महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्नेहा शर्मा, ज्योति खत्री, शगुन सोलंकी, विजय कपूर और अंजू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
