डायग्नोस्टिक सेंटर की वर्षगांठ पर मरीजों की सारसंभाल
डायग्नोस्टिक सेंटर की वर्षगांठ पर मरीजों की सारसंभाल


बीकानेर, 11 फ़रवरी । तेरापंथ युवक परिषद (तेयुप) ट्रस्ट, गंगाशहर द्वारा सामाजिक सरोकारों की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर की पांचवी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मंगलवार को राजकीय सेटेलाइट हॉस्पिटल, गंगाशहर में भर्ती मरीजों की सारसंभाल की गई और उन्हें स्वास्थ्य लाभ की शुभकामनाएं दी गईं। सेवा का यह कार्यक्रम न केवल मरीजों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है, बल्कि समाज सेवा के प्रति ट्रस्ट की प्रतिबद्धता को भी पुख्ता करता है।


इस अवसर पर महेन्द्र चोपड़ा और बच्छराज रांका सहित हॉस्पिटल प्रभारी डॉ. मुकेश वाल्मीकि विशेष रूप से उपस्थित रहे। ट्रस्ट की ओर से मानवतावादी दृष्टिकोण अपनाते हुए नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग हेतु गंगाशहर नागरिक परिषद को एक महत्वपूर्ण सहयोग राशि भी प्रदान की गई। यह राशि क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के नेत्र उपचार में सहायक सिद्ध होगी।


तेयुप ट्रस्ट के अध्यक्ष ललित राखेचा ने कार्यक्रम की सफलता के लिए पूरी टीम की सक्रियता की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस सेवा कार्य में पीयूष लूणिया, विजेन्द्र छाजेड़, उमेश सोनी, देवेन्द्र डागा, मांगीलाल बोथरा, रोहित बैद सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर के प्रभारी विजेंद्र छाजेड़ ने केंद्र की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संस्थान नियमित रूप से सभी प्रकार की चिकित्सा जांचें अत्यंत किफायती दरों पर उपलब्ध करवा रहा है, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिल रही है।
अंत में, ट्रस्ट मंत्री मांगीलाल बोथरा ने भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि तेयुप ट्रस्ट निरंतर ऐसे सामाजिक सेवा कार्यों का आयोजन करता रहेगा, ताकि समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को भी लाभान्वित किया जा सके।
