भावना और द्रौपदी का ‘इंस्पायर अवार्ड’ के लिए चयन, वैज्ञानिक नवाचारों ने दिलाई पहचान
भावना और द्रौपदी का 'इंस्पायर अवार्ड' के लिए चयन



उदयरामसर , 5 मार्च। बीकानेर के निकटवर्ती गाँव उदयरामसर स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की दो छात्राओं ने विज्ञान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विद्यालय की कक्षा 9 की छात्रा भावना नाई (पुत्री मनोज कुमार नाई) और कक्षा 7 की छात्रा द्रौपदी (पुत्री ओमप्रकाश) का चयन भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित ‘इंस्पायर अवार्ड मानक योजना’ (INSPIRE Awards – MANAK) के लिए हुआ है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए विभाग द्वारा दोनों छात्राओं को अपने वैज्ञानिक मॉडल विकसित करने हेतु 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।


छात्राओं ने रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान के लिए बेहतरीन नवाचार (Innovation) प्रस्तुत किए हैं। वरिष्ठ अध्यापिका आरती कटारिया के मार्गदर्शन में द्रौपदी ने ‘टिफिन बॉक्स विद एक्सटेंडेबल प्लेट’ का मॉडल तैयार किया है, जिससे स्कूली बच्चे लंच के समय अधिक सुविधा के साथ भोजन कर सकेंगे। वहीं, भावना ने ‘ड्रिलिंग मशीन विद अटैचमेंट’ का नवाचार प्रस्तुत किया है। इस मॉडल की खासियत यह है कि ड्रिलिंग के दौरान उड़ने वाली धूल (Dust) से बचा जा सकेगा, जो स्वास्थ्य और सफाई के लिहाज से बेहद उपयोगी है।


इस सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य रतन लाल छलाणी, उपप्राचार्य अजय गोदारा और समस्त स्टाफ ने हर्ष व्यक्त किया है। प्राचार्य ने बताया कि इंस्पायर अवार्ड योजना का मुख्य उद्देश्य कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों में रचनात्मक और वैज्ञानिक सोच विकसित करना है। विद्यालय की दो छात्राओं के एक साथ चयन होने पर शाला प्रबंधन समिति, अभिभावकों और ग्रामवासियों ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बालिकाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।
