आंधी ने बरपाया कहर, बिजली के तारों की चिंगारी से 10 बीघा गेहूं की फसल राख
आंधी ने बरपाया कहर, बिजली के तारों की चिंगारी से 10 बीघा गेहूं की फसल राख


बीकानेर, 26 मार्च । जिले के कालू कस्बे के पास स्थित शेखसर गांव में बुधवार को आए भीषण अंधड़ ने किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फेर दिया। तेज आंधी के कारण बिजली के ढीले तार आपस में टकरा गए, जिससे निकली चिंगारी ने खेत में खड़ी और कटी हुई गेहूं की फसल में आग लगा दी। इस हृदयविदारक घटना में दो किसानों की करीब 10 बीघा फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई है।


हादसा उस वक्त हुआ जब क्षेत्र में तेज धूलभरी आंधी चल रही थी। बताया जा रहा है कि 132 जीएसएस से कपूरीसर जाने वाली बिजली लाइन के तार काफी ढीले थे। आंधी के दौरान कटा हुआ गेहूं हवा में उड़कर इन तारों के संपर्क में आया, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पीड़ित किसान राजेंद्र कुमार धतरवाल और भगवाना राम धतरवाल के खेतों में लगी इस आग से दोनों की 5-5 बीघा फसल नष्ट हो गई।


आग की लपटें उठती देख किसानों ने आनन-फानन में ट्यूबवेल चलाकर उसे बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं ने आग को और भड़का दिया। ग्रामीणों ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग को ढीले तारों के बारे में पहले भी अवगत कराया गया था, लेकिन समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, जिसका खामियाजा अब गरीब किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार विनोद पूनिया ने संज्ञान लिया है। उन्होंने हल्का पटवारी पार्वती को तुरंत मौके पर पहुंचकर नुकसान का सटीक आकलन करने और विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित किसानों ने रुंधे गले से प्रशासन से उचित मुआवजे की गुहार लगाई है ताकि वे इस आर्थिक सदमे से उबर सकें।
