पत्नी को गाजे-बाजे के साथ दुल्हन की तरह सजाया, स्वयं दूल्हा बन श्मशान में दी अंतिम विदाई

पत्नी को गाजे-बाजे के साथ दुल्हन की तरह सजाया, स्वयं दूल्हा बन श्मशान में दी अंतिम विदाई
STBA 5 JUNE 2026
quicjZaps 15 sept 2025
खमत खामणा

बीकानेर, 25 सितंबर। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सेवानिवृत्त सहायक प्रशासनिक अधिकारी राजेंद्र प्रसाद जोशी ने अपनी दिवंगत पत्नी को एक अनूठे और अत्यंत भावुक अंदाज में अंतिम विदाई दी। पत्नी के निधन पर उन्होंने उन्हें सुहागन के रूप में दुल्हन का पूर्ण श्रृंगार कराया और स्वयं दूल्हे की वेशभूषा धारण कर शुक्रवार को गंगाशहर स्थित मोक्षधाम में नम आंखों से अंतिम संस्कार की रस्में निभाईं। जोशी द्वारा अपने 42 वर्षों के सुखी और स्नेहपूर्ण वैवाहिक जीवन की यादों को साझा करने पर वहां मौजूद हर व्यक्ति भावविभोर हो उठा।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

राजेंद्र प्रसाद जोशी की धर्मपत्नी श्रीमती अमिता जोशी (63 वर्ष) का गुरुवार रात गुर्दे की बीमारी के कारण निधन हो गया था। शुक्रवार को गंगाशहर स्थित बाफना स्कूल के सामने वाली गली से गाजे-बाजे के साथ उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। इस दौरान बैंड पार्टी रामनाम संकीर्तन के साथ “जिंदगी के सफर में गुजर जाते हैं जो मकाम…”, और “अभी न जाओ छोड़कर कि दिल अभी भरा नहीं” जैसे विदाई गीतों की धुन बजाती रही, जिससे माहौल अत्यंत गमगीन और वियोगपूर्ण हो गया। घर से श्मशान मार्ग तक इस अनूठी और भावुक विदाई को देखकर हर आंख नम हो गई और लोगों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पति-पत्नी के इस अटूट प्रेम को नमन किया।

pop ronak

पौड़ी गढ़वाल के मूल निवासी एवं वर्तमान में बीकानेरवासी गौड़ ब्राह्मण राजेंद्र प्रसाद जोशी ने बताया कि 18 फरवरी 1984 को श्रीनगर (उत्तराखंड) से परिणय सूत्र में बंधकर अमिता जी बीकानेर आई थीं। लगभग 42 वर्षों तक उन्होंने एक धर्मपरायण, हंसमुख और मिलनसार गृहणी के रूप में पारिवारिक व सामाजिक दायित्वों को बखूबी निभाया। वे अपने पीछे दो पुत्र, दो पौत्र और एक पौत्री का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं।

इस दुखद घड़ी में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पूर्व अधिकारियों, कर्मचारियों, पत्रकारों, पड़ोसियों एवं रिश्तेदारों ने राजेंद्र प्रसाद जोशी को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। थार एक्सप्रेस परिवार अमिता जी जोशी की आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना करता है।