मदुरै में माता राणी भटियाणीजी का भव्य रात्रि जागरण एवं महाप्रसादी संपन्न
मदुरै में माता राणी भटियाणीजी का भव्य रात्रि जागरण एवं महाप्रसादी संपन्न



- हजारों श्रद्धालुओं ने ली हाजिरी
मदुरै (तमिलनाडु), 25 सितंबर। श्री जसोल री धणियाणी माता राणी भटियाणीजी का 14वां वार्षिक उत्सव गुरुवार को मदुरै स्थित श्री लीलादेवी भवन (वेस्ट आवणी मूला स्ट्रीट) में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। समस्त सनातन धर्म प्रेमी (छत्तीस कौम) एवं माजीसा सेवा मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य धार्मिक महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर महाप्रसादी का लाभ लिया।


समारोह के दौरान श्री राजस्थानी सेवा समाज के पदाधिकारियों द्वारा मंदिर के पुजारी प्रवीण कुमार जी महाराज का भावभीना स्वागत एवं बहुमान किया गया। पुजारी प्रवीण कुमार ने बताया कि उत्सव का शुभारंभ प्रातः माजीसा की स्थापना के साथ हुआ। तत्पश्चात दोपहर में विशाल महाप्रसादी तथा सायं मंगलगीत का आयोजन किया गया।


रात्रि 9 बजे से शुरू हुई भव्य भजन संध्या में प्रसिद्ध भक्ति गायिका सरिता खारवाल एवं झंकार ग्रुप के कलाकारों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को देर रात तक भाव-विभोर कर दिया। “तेरस की है रात माजीसा आज थाने”, “जसोल री धणियाणी”, और “मोतियों वाली मां” जैसे सुप्रसिद्ध भजनों पर श्रद्धालु भक्ति रस में झूमते नजर आए।
प्रातः 4 बजे महाआरती के साथ धार्मिक कार्यक्रमों की पूर्णाहुति हुई। आयोजन में छत्तीस कौम के प्रवासियों की एकजुटता व सक्रिय सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। अंत में माजीसा सेवा मंडल एवं आयोजकों की ओर से सभी सहयोगियों, कार्यकर्ताओं व श्रद्धालुओं का आभार जताया गया।
