श्री जैन पीजी कॉलेज में अंतर महाविद्यालय महिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित, राजकीय लोहिया कॉलेज चूरू रही विजेता
श्री जैन पीजी कॉलेज में अंतर महाविद्यालय महिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित, राजकीय लोहिया कॉलेज चूरू रही विजेता



बीकानेर, 25 सितंबर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालय टेबल टेनिस महिला प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार को श्री जैन स्नातकोत्तर कॉलेज, बीकानेर में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों की महिला खिलाड़ियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।


समारोह के उद्घाटन सत्र के अवसर पर श्री जैन स्नातकोत्तर कॉलेज प्रबंध कार्यकारिणी समिति के उपाध्यक्ष निर्मल धारीवाल, उपमंत्री सी.ए. राजेंद्र लूनिया, उपमंत्री अशोक सुराणा, सदस्य किशोर बांठिया एवं महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के पर्यवेक्षक राम सिंह सेंगर बतौर अतिथि उपस्थित रहे। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र चौधरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतिभागी खिलाड़ियों का परिचय कराया और उन्हें खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।


उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए निर्मल धारीवाल ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और टीम भावना का विकास करते हैं। वहीं, सी.ए. राजेंद्र लूनिया ने कहा कि निरंतर अभ्यास और लगन से ही खिलाड़ी अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं।
प्रतियोगिता के परिणाम
खेल प्रभारी अनिल तंवर ने बताया कि प्रतियोगिता में राजकीय लोहिया कॉलेज, चूरू की टीम विजेता रही, जबकि चौधरी बल्लू राम गोदारा राजकीय गर्ल्स कॉलेज, श्रीगंगानगर की टीम उपविजेता बनी। वहीं, एकल स्पर्धा में राजकीय लोहिया कॉलेज, चूरू की छात्रा रौनक खान विजेता रहीं तथा चौधरी बल्लू राम गोदारा राजकीय गर्ल्स कॉलेज, श्रीगंगानगर की छात्रा कल्पना उपविजेता रहीं।
समापन सत्र में मुख्य अतिथियों द्वारा विजेता टीम को ट्रॉफी व स्वर्ण पदक तथा उपविजेता टीम को ट्रॉफी व रजत पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अशोक सुराणा ने सभी खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर किशोर बांठिया एवं राम सिंह सेंगर ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अंत में प्राचार्य डॉ. राजेंद्र चौधरी ने समस्त अतिथियों, निर्णायकों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. भारती सांखला द्वारा किया गया।
