बार काउंसिल चुनाव-2026: बीकानेर में कल होगा मतदान, अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी ने ली कार्मिकों की बैठक
बार काउंसिल चुनाव-2026: बीकानेर में कल होगा मतदान, अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी ने ली कार्मिकों की बैठक


बीकानेर,21 अप्रैल । बार काउंसिल ऑफ राजस्थान चुनाव-2026 के सफल और सुचारू संचालन को लेकर मंगलवार को अतिरिक्त मतदान अधिकारी सुरेंद्र पाल शर्मा ने निर्वाचन कार्मिकों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई और निष्पक्ष व पारदर्शी मतदान संपन्न कराने के आवश्यक निर्देश दिए गए।


तीन केंद्रों पर 3166 मतदाता करेंगे मतदान
निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए बीकानेर में कुल 03 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर मतदान 22 अप्रैल 2026 (बुधवार) को प्रातः 08:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक होगा। चुनाव में कुल 3166 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनके लिए केंद्रों का विभाजन निर्वाचन क्रमांक के आधार पर किया गया है:


मतदान केंद्र संख्या 1: निर्वाचन क्रमांक 2230 से 47903 तक।
मतदान केंद्र संख्या 2: निर्वाचन क्रमांक 47926 से 102165 तक।
मतदान केंद्र संख्या 3: निर्वाचन क्रमांक 102177 से 136478 तक।
234 प्रत्याशी मैदान में, 45 सदस्यीय टीम संभालेगी मोर्चा
इस बार चुनावी मैदान में कुल 234 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। चुनाव संपन्न कराने के लिए 45 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है, जिसमें 27 अधिवक्ता, जिला न्यायालय के 12 कर्मचारी और जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा नियुक्त राज्य सरकार के 6 कर्मचारी शामिल हैं। पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए एसडीएम महिमा कासना को पर्यवेक्षक अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि नेतृत्व अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्रपाल शर्मा करेंगे।
निष्पक्ष चुनाव के लिए सहयोग का आश्वासन
बैठक में प्रमुख प्रत्याशी कुलदीप शर्मा, कमल नारायण पुरोहित, लक्ष्मीकांत रंगा एवं सुनीता दीक्षित ने उपस्थित होकर स्वस्थ और शांतिपूर्ण चुनाव में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित और सचिव हेमंत सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और न्यायिक कार्मिक भी मौजूद रहे। अतिरिक्त मतदान अधिकारी ने सभी कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें।
