तेरापंथ युवक परिषद् गंगाशहर की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
तेरापंथ युवक परिषद् गंगाशहर की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न


- मुनि श्री अमृत कुमार जी के सानिध्य में बोथरा भवन में हुआ भव्य आयोजन
बीकानेर (गंगाशहर), 24 मई। तेरापंथ युवक परिषद् (तेयुप), गंगाशहर की नवगठित कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह रविवार प्रातः 9:00 बजे गंगाशहर स्थित बोथरा भवन में आयोजित किया गया। यह धार्मिक और सांगठनिक समारोह युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि श्री अमृत कुमार जी के पावन सानिध्य में पूर्णतः जैन संस्कार विधि द्वारा संपन्न हुआ।


विजय गीत और निष्ठा पत्र के साथ शुरुआत
समारोह का शुभारंभ मुनि श्री के मुखारबिंद से उच्चारित नमस्कार महामंत्र से हुआ। इसके बाद उपस्थित तेयुप साथियों द्वारा ‘विजय गीत’ का सामूहिक गान किया गया तथा तेरापंथी सभा गंगाशहर के उपाध्यक्ष पवन छाजेड़ ने श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन किया। इस पूरे मांगलिक कार्यक्रम को जैन संस्कारक पवन छाजेड़, पीयूष लूणिया, विपिन बोथरा, भरत गोलछा, रोहित बैद और अनिल बैद ने विधि-विधान से संपादित करवाया।


नई टीम ने ली शपथ, देवेन्द्र डागा को मिला दायित्व
परिषद के निवर्तमान अध्यक्ष ललित राखेचा ने नवगठित टीम को पद व संगठन के संविधान की शपथ दिलाई। इस दौरान निवर्तमान अध्यक्ष द्वारा नवनिर्वाचित अध्यक्ष देवेन्द्र डागा को दायित्व हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की गई। शपथ लेने वाले मुख्य पदाधिकारियों में शामिल रहे-अध्यक्ष: देवेन्द्र डागा, उपाध्यक्ष: मांगीलाल बोथरा एवं रोशन नाहटा, मंत्री: दिनेश कुमार सोनी, सह-मंत्री: रोहित बैद एवं धर्मेन्द्र सामसुखा, कोषाध्यक्ष: विपिन बोथरा,
संगठन-मंत्री: मयंक सेठिया, किशोर मंडल संयोजक व सह-संयोजक: मयंक सिंगी (सिंघी) एवं हर्षित नाहटा।
शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष देवेन्द्र डागा ने अपनी परामर्शक समिति और कार्यकारिणी सदस्यों के नामों की घोषणा की। किशोर मण्डल संयोजक मयंक सिंघी ने भी अपनी टीम के सदस्यों का नामोल्लेख किया।
पांच सूत्रीय संकल्पों की घोषणा
अध्यक्ष देवेन्द्र डागा ने अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में युवाओं को ऊर्जावान बने रहने का संदेश देते हुए कहा कि सभी युवाओं और किशोरों को संगठन के कार्यों के साथ-साथ स्वयं के सर्वांगीण विकास की ओर भी कदम बढ़ाने होंगे। इस दौरान डागा ने अपनी कैबिनेट और कार्यकारिणी सदस्यों के साथ मिलकर ‘पांच सूत्रीय संकल्पों’ की घोषणा की और उन पर दृढ़ रहने का संकल्प लिया।
मुनि श्री ने दिए विकास के गुरुमंत्र
इस अवसर पर नवगठित टीम को मंगल आशीर्वाद प्रदान करते हुए मुनि श्री अमृत कुमार जी ने कहा कि युवा शक्ति तेरापंथ के सिद्धांतों को गहराई से पढ़े और उन्हें अपने जीवन में उतारने का प्रयास करे। सभी सदस्य अपने दायित्वों का जागरूकता से पालन करें और नियमित दर्शन, सेवा के साथ-साथ गुरु प्रवचनों के श्रवण का लक्ष्य रखें। उन्होंने विकास के गुर देते हुए गुरु दृष्टि की आराधना करने और संकल्पों को पूरा करने के लिए सार्थक कदम आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। वहीं मुनि श्री उपशम कुमार जी ने अपने वक्तव्य के माध्यम से युवाओं को विशेष रूप से ‘शनिवार की सामायिक’ करने की प्रेरणा दी।
संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
समारोह में तेरापंथी सभा के उपाध्यक्ष पवन छाजेड़, तेरापंथ न्यास के ट्रस्टी जतन दुगड़, तेरापंथ महिला मंडल की मंत्री रेखा चोरड़िया, अणुव्रत समिति के अध्यक्ष करणीदान रांका और तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम के मंत्री अजीत संचेती ने उपस्थित होकर नई कार्यकारिणी को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। कार्यक्रम का कुशल संचालन युवा साथी कुलदीप छाजेड़ ने किया।


